ICSE ISC Exams Cancelled UAE 2026: ईरान और इजरायल के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष से सबसे पूरी दुनिया पर किसी न किसी तरह से असर देखने को मिल रहा है। लेकिन इसका सबसे बड़ी असर इन देशों के अलावा खाड़ी देशों के छात्रों पर पड़ रहा है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के खाड़ी देशों में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा रद्द करने के बाद अब काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी है। सीआईएससीई ने इस क्षेत्र में तनाव से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं के कारण आईसीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा और आईएससी ISC कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा रद्द करने की घोषणा की है।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने और अधिकारियों तथा राजनयिक अधिकारियों के साथ इस मामले पर चर्चा करने के बाद यह निर्णय लिया गया। स्कूलों को भेजे गए एक नोटिस में कहा गया है कि काउंसिल ने दुबई में शिक्षा नियामक, नॉलेज एंड ह्यूमन डेवलपमेंट अथॉरिटी (KHDA) और दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास के साथ बातचीत के बाद यह निर्णय लिया।
इससे पहले, UAE में 2 मार्च से 6 अप्रैल तक होने वाली परीक्षाएं केवल स्थगित की गई थीं। बाद में, मध्य पूर्व में अस्थिर स्थिति के कारण काउंसिल ने उन्हें पूरी तरह से रद्द करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही अब ये साफ हो गया है कि दुबई, अबू धाबी और शारजाह के भारतीय स्कूलों में बोर्ड परीक्षाएं नहीं होंगी। यहां के भारतीय स्कूलों ने छात्रों और अभिभावकों से सीआईएससीई से आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा करने और शांत रहने को कहा। यूएई में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र ऐसे स्कूलों में पढ़ते हैं जो भारतीय पाठ्यक्रम का पालन करते हैं।
सीआईएससीई आमतौर पर यूएई सहित कई अंतरराष्ट्रीय केंद्रों में परीक्षाएं आयोजित करती है। हालांकि, इस साल ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद खाड़ी देशों में ईरान की जवाबी कार्यवाही के बाद इस क्षेत्र में सीबीएसई बोर्ड ने 10वीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द कर दिया। जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षाएं हालात की समीक्षा के बाद टाली जा रही हैं।
मूल्यांकन के लिए अपनाया जा सकता है ये तरीका
ऐसे तरीके यह सुनिश्चित करने में मदद करते हैं कि छात्रों का कोई शैक्षणिक वर्ष बर्बाद न हो। हालांकि, बोर्ड की स्पष्ट गाइडलाइंस के लिए फिलहाल इंतजार करना होगा।