JAC 10th-12th Result 2026: झारखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं और कॉपियों के मूल्यांकन का काम चल रहा है। झारखंड मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम 20-21 अप्रैल तक आने की उम्मीद जताई जा रही है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल अप्रैल के पहले सप्ताह तक 10वीं और 12वीं के तीनों स्ट्रीम की कॉपियों का मूल्यांकन पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
समझा जा रहा है कि स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के निर्देश पर झारखंड एकेडमिक काउंसिल सबसे पहले 20-21 अप्रैल को मैट्रिक और इंटरमीडिएट साइंस-कॉमर्स का परिणाम जारी करेगा। इंटर आर्ट्स का रिजल्ट इसके बाद 30 अप्रैल तक जारी होगा। इस साल झारखंड राज्य की मैट्रिक की परीक्षा में 4.23 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जबकि 3.42 लाख परीक्षार्थियों ने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। बता दें, जेएसी 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 3 फरवरी से 17 फरवरी, 2026 तक सुबह की शिफ्ट (सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1 बजे तक) में हुई थीं। जबकि 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 3 फरवरी से 23 फरवरी, 2026 तक दोपहर की शिफ्ट (दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक) में आयोजित की गई थीं।
जैक बोर्ड का पिछले साल का रिजल्ट
जेएसी के 10वीं-12वीं कक्षा के छात्र 2026 के रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। पिछले साल के आंकड़ों को देखने से छात्रों को परिणाम का कुछ अंदाजा लग सकता है। पिछले साल जैक बोर्ड 12वीं आर्ट्स में 95.62% बच्चे पास हुए थे। जैक इंटर साइंस में 79.26% और कॉमर्स में 91.2% बच्चे पास हुए थे। वहीं, 10वीं कक्षा का प्रदर्शन शानदार 91.71% रहा था।
स्टूडेंट्स के लिए आगे क्या है?
बोर्ड से रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों को जल्द से जल्द अपने स्कूल से मूल मार्कशीट लेने की सलाह दी जाती है क्योंकि ऑनलाइन स्कोरकार्ड आमतौर पर अस्थायी होता है। इसके अलावा, जो छात्र री-इवैल्यूएशन या कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें काउंसिल द्वारा आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने का इंतजार करना चाहिए और अपने स्कूलों के संपर्क में रहना चाहिए। रिजल्ट 2026 की तारीखों, डायरेक्ट लिंक और खबरों के लेटेस्ट अपडेट के लिए, ऑफिशियल वेबसाइट jacresults.com देखते रहें।