JEE Advanced 2026 Cutoff: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (IIT) रुड़की ने JEE (एडवांस्ड) 2026 के रिजल्ट घोषित कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों का स्कोर कार्ड आज यानी 1 जून को सुबह 10 बजे से ऑफिशियल वेबसाइट jeeadv.ac.in पर एक्टिवेट किया जा चुका है। इस बार के जेईई एडवांस्ड नतीजे काफी हैरान करने वाले रहे हैं। परीक्षार्थियों के कटऑफ मार्क्स में 18 अंकों का ऐतिहासिक उछाल दर्ज किया गया है।
आईआईटी रुड़की द्वारा जारी जेईई एडवांस्ड नतीजों की आधिकारिक सूचना के मुताबिक, जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए कुल 1,87,389 कैंडिडेट ने पंजीकरण किया था। इनमें से 1,79,694 छात्रों ने 17 मई, 2026 को पेपर 1 और पेपर 2 की परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा में शामिल कैंडिडेट में से 56,880 परीक्षार्थी इसमें सफल घोषित किए गए हैं। सफल कैंडिडेट में 10,107 लड़कियां शामिल हैं। आईआईटी रुड़की के डायरेक्टर और जॉइंट एडमिशन बोर्ड (JAB) के चेयरमैन प्रो. कमल किशोर पंत ने सफल परीक्षार्थियों को बधाई दी है।
प्रो. पंत ने सभी सफल छात्रों को जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA) 2026 काउंसलिंग और सीट-आवंटन प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए भी बढ़ावा दिया। उन्होंने साफ कहा है कि छात्रों के 12वीं कक्षा में चाहे मार्क्स कुछ भी हों। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि आईआईटी में अंतिम प्रवेश जेईई एडवांस्ड 2026 इन्फॉर्मेशन ब्रोशर में बताए गए परसेंटेज से जुड़े पात्रता मानदंड और दूसरी शर्तों को पूरा करने पर ही निर्भर करेगा।
जेईई एडवांस्ड 2026 के कटऑफ अंकों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। विशेषज्ञ प्रश्नपत्र का स्तर देखते हुए कटऑफ गिरने का अनुमान लगा रहे थे। लेकिन इसके उलट सामान्य वर्ग के लिए क्वॉलिफाइंग एग्रीगेट कटऑफ 18 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 92 अंकों पर पहुंच गई है। यह कटऑफ 2025 में मात्र 74 अंक थी। इस साल एग्रीगेट प्रतिशत 25.56 रहा है और सब्जेक्ट वाइज कटऑफ में भी 1 अंक की बढ़ोतरी हुई है। 2026 में जनरल के लिए यह 8 अंक है, जबकि साल 2025 में 7 अंक थी।
जेईई एडवांस्ड 2026 में टॉप-10 में IIT दिल्ली जोन से 5 छात्र
इस साल, आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में 360 में से 330 मार्क्स लाकर पहला रैंक हासिल किया। आईआईटी दिल्ली जोन की ही आरोही देशपांडे, सीआरएल 77 और 360 में से 280 स्कोर के साथ टॉप रैंक वाली महिला कैंडिडेट बनीं। इस परीक्षा में टॉप तीन रैंक पर भी आईआईटी दिल्ली जोन के परीक्षार्थियों का ही दबदबा रहा है। शुभम कुमार ने परीक्षा में टॉप किया, उनके बाद कबीर छिल्लर रहे, जिन्होंने 329 मार्क्स के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, जतिन चाहर 319 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
टॉप 10 में आईआईटी दिल्ली जोन के दो अन्य छात्रों में अर्नव गौतम और दर्श सिक्का का नाम शामिल है। इनमें अर्नव ने जेईई एडवांस्ड 2026 में 314 अंक प्राप्त किए और उनकी ऑल इंडिया रैंक सातवीं रही। वहीं, आईआईटी दिल्ली जोन के ही दर्श सिक्का इस परीक्षा में 311 अंकों के साथ 10वें पायदान पर रहे।
आईआईटी दिल्ली और मद्रास जोन का दबदबा
इस बार जेईई एडवांस्ड 2026 में आईआईटी दिल्ली और मद्रास जोन का दबदबा रहा। देश के टॉप-10 उम्मीदवारों की बात करें तो इनमें से अकेले 5 उम्मीदवार आईआईटी दिल्ली जोन से हैं, जिनमें पहले तीनों टॉपर (शुभम, कबीर और जतिन) शामिल हैं। वहीं, आईआईटी मद्रास जोन के 3 अभ्यर्थियों ने टॉप-10 सूची में अपनी जगह पक्की की है, जिससे जेईई एडवांस्ड 2026 रिजल्ट में इन दोनों जोन का राष्ट्रीय स्तर पर दबदबा साफ नजर आता है।