Get App

Maharashtra Board Exam: महाराष्ट्र में 10वीं की कॉपियों के साथ गजब खेल, 10वीं की कॉपी चेक करते छठी कक्षा के छात्रों का वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल

Maharashtra Board Exam: महाराष्ट्र के सतारा में बोर्ड परीक्षा की कॉपियां छठी कक्षा के छात्रों द्वारा चेक करने का वीडियो वायरल होने के बाद बवाल मच गया है। इस घटना ने बोर्ड परीक्षा की पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों और अभिभावकों ने इस मामले पर नाराजगी जाहिर की है

MoneyControl Newsअपडेटेड Mar 12, 2026 पर 3:03 PM
Maharashtra Board Exam: महाराष्ट्र में 10वीं की कॉपियों के साथ गजब खेल, 10वीं की कॉपी चेक करते छठी कक्षा के छात्रों का वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल
सतारा के एक स्कूल में कक्षा 6 के छात्र 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की कॉपियां चेक करते हुए पाए गए हैं।

Maharashtra Board Exam: महाराष्ट्र के सतारा से एक हैरान करने वाली जानकारी सामने आने के बाद पूरे राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले के एक स्कूल में कक्षा 6 के छात्र 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की कॉपियां चेक करते हुए पाए गए हैं। इस पूरे वाक्ये का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य शिक्षा बोर्ड की मूल्यांकन प्रक्रिया ही नहीं, बोर्ड परीक्षा की समूची प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। महाराष्ट्र की इस हैरान करने वाली घटना ने बोर्ड परीक्षा के पेपर चेक करने के तरीके पर चिंता बढ़ा दी है। इस मामले से अभिभावकों और छात्रों में गुस्सा है।

यह घटना महाराष्ट्र के सतारा जिले के फलटण तहसील की है। विदानी के उत्तरेश्वर हाई स्कूल के एक शिक्षक पर आरोप है कि उसने कक्षा 6 की लड़कियों से क्लास 10 के छात्रों की मराठी विषय की आंसर शीट चेक करवाई। इस घटना का एक कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में शिक्षक वैभव शेंडे छात्रों के साथ बैठकर एक साथ आंसर शीट चेक करते नजर आ रहे हैं।

इस मामले को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के तौर पर देखा जा रहा है। इस लापरवाही ने महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन (MSBSHSE) बोर्ड की मूल्यांकन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों के भारी गुस्से के बीच शिक्षा विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस घटना के बाद लोग उत्तरेश्वर हाई स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन और टीचर वैभव शेंडे के खिलाफ भी सख्त एक्शन की मांग कर रहे हैं। हालांकि, स्कूल प्रशासन ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

इस बीच, महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड अभी 10वीं कक्षा (SSC) और 12वीं कक्षा (HSC) की बोर्ड परीक्षाएं करा रहा है। 12 वीं कक्षा की परीक्षा 10 फरवरी, 2026 को शुरू हुई थी और 18 मार्च, 2026 तक चलेंगी। 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी, 2026 को शुरू हुई थीं और 18 मार्च, 2026 तक चलेंगी।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें