16 साल की उम्र में CA बनकर रचा इतिहास, ब्रिलियंट स्टूडेंट लक्ष्मणन मय्यप्पन की पूरी सक्सेस जर्नी जानिए

चार्टर्ड अकाउंटेंट जैसी प्रोफेशनल पढ़ाई आमतौर पर स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद की जाती है। लेकिन मय्यप्पन ने 10वीं कक्षा पूरी करने के तुरंत बाद ही अकाउंटिंग की पढ़ाई शुरू कर दी थी। कम उम्र में इस क्षेत्र में कदम रखकर उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह बड़ी कामयाबी हासिल की

अपडेटेड Aug 17, 2026 पर 9:52 PM
फाइनेंस प्रोफेशनल लक्ष्मणन मय्यप्पन ने बहुत कम उम्र में ACCA की तैयारी शुरू कर दी थी

16 साल की उम्र में ज्यादातर युवा अपनी पढ़ाई और भविष्य के करियर को लेकर तैयारी कर रहे होते हैं। उसी उम्र में लक्ष्मणन मय्यप्पन ने इतिहास रच दिया है। दुबई में रहने वाले लक्ष्मणन मय्यप्पन ने महज 16 साल और 141 दिन की उम्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने लक्ष्मणन मय्यप्पन को ‘दुनिया का सबसे कम उम्र का पुरुष चार्टर्ड अकाउंटेंट’ घोषित किया है। ये उनकी कम उम्र में हासिल की गई बड़ी उपलब्धि है। आइए जानते हैं कौन है लक्ष्मणन मय्यप्पन और कैसे की शुरुआत

चार्टर्ड अकाउंटेंट जैसी प्रोफेशनल पढ़ाई आमतौर पर स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद की जाती है। लेकिन मय्यप्पन ने 10वीं कक्षा पूरी करने के तुरंत बाद ही अकाउंटिंग की पढ़ाई शुरू कर दी थी। कम उम्र में इस क्षेत्र में कदम रखकर उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह बड़ी कामयाबी हासिल की।

बहुत कम उम्र में शुरू की तैयारी


भारत और दुबई से जुड़े फाइनेंस प्रोफेशनल लक्ष्मणन मय्यप्पन ने बहुत कम उम्र में ACCA की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने 15 साल की उम्र में कोविड-19 महामारी के दौरान इस प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन की ट्रेनिंग ली, जिसे पूरा करने में करीब एक साल लगा। इसके बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें दुनिया के सबसे कम उम्र के पुरुष चार्टर्ड अकाउंटेंट के तौर पर आधिकारिक मान्यता दी।

मां से मिला प्रेरणा

लॉकडाउन के दौरान लक्ष्मणन मय्यप्पन की अकाउंटिंग में दिलचस्पी बढ़ी। उनकी मां ACCA प्रोफेशनल हैं और उन्होंने ही उन्हें अकाउंटिंग की शुरुआती बातें समझाईं। इसके बाद मय्यप्पन की रुचि फाइनेंस के क्षेत्र में बढ़ती गई। 10वीं कक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने ACCA करने का फैसला लिया और कम उम्र में ही इसकी तैयारी शुरू कर दी। ACCA की पढ़ाई पूरी करने के बाद लक्ष्मणन मय्यप्पन ने फाइनेंस के क्षेत्र में अपनी आगे की पढ़ाई और करियर जारी रखा। वह CFA चार्टर होल्डर भी बन चुके हैं और फिलहाल फाइनेंस में MSc की पढ़ाई कर रहे हैं।

इसके साथ ही वह दुबई की सेंचुरी फाइनेंशियल कंपनी में सीनियर रिसर्च एनालिस्ट के रूप में काम कर रहे हैं। उनके काम में निवेश से जुड़ी रिसर्च, वित्तीय विश्लेषण और सही फैसले लेने में मदद करना शामिल है।

हमेशा कुछ नया सीखा

लक्ष्मणन मय्यप्पन ने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ नौकरी करना नहीं था। वह कम उम्र में ज्यादा से ज्यादा प्रोफेशनल पढ़ाई पूरी करना चाहते थे। साथ ही, वह वित्तीय कामकाज को करीब से समझना चाहते थे। उनका मानना है कि ऐसी स्किल्स सीखनी चाहिए, जो लंबे समय तक काम आएं। इसी वजह से उन्होंने हमेशा कुछ नया सीखने और अपनी जिज्ञासा को बनाए रखने पर ध्यान दिया। लक्ष्मणन मय्यप्पन की कहानी से पता चलता है कि, अगर कम उम्र में अपनी रुचि पहचानकर मेहनत की जाए तो बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। आज वह दुबई में पढ़ाई के साथ फाइनेंस रिसर्च और प्रोफेशनल काम भी कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।