NEET UG 2026 Guidelines: रविवार की परीक्षा के लिए एनटीए भेज रहा एसएमएस, व्हॉट्सएप मेसेज और ईमेल, फ्रॉड से बचने के लिए जान लें ऑफिशियल आईडी

NEET UG 2026 Guidelines: 21 जून को होने वाली नीट यूजी परीक्षा के लिए एनटीए एसएमएस, व्हॉट्सएप मेसेज और ईमेल के जरिए परीक्षार्थियों से संपर्क कर रहा है। इसके जरिए एनटीए छात्रों को अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का रिमाइंडर और फ्रॉड से बचने की टिप्स दे रहा है

अपडेटेड Jun 19, 2026 पर 6:11 PM
परीक्षा एजेंसी आधिकारिक आईडी के जरिए ही मेसेज भेज रहा है।

NEET UG 2026 Guidelines: नीट यूजी 2026 री-एग्जाम की तारीख पास आने के साथ ही परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ ही उनके अभिभावक और पूरे देश में बेचैनी है। परीक्षा संपन्न कराने वाली एजेंसी एनटीए पूरी स्थिति को समझते हुए परीक्षार्थियों को चेतावनी संदेश भेज रहा है। साथ ही, नीट यूजी 2026 री-एग्जाम परीक्षार्थियों को अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए रिमाइंडर मेसेज भी दे रहा है। एनटीए परीक्षार्थियों से संपर्क साधने के लिए अपने आधिकारिक पोर्टल और सोशल मीडिया हैंडल के अलावा एसएमएस, ईमेल और व्हॉट्सएप मेसेज भी भेज रहा है।

इस संवेदनशील माहौल में परीक्षार्थियों को ठगने वाले कई फर्जी गैंग एक्टिव हैं, जिनसे सावधान करने के लिए एनटीए ने यह कदम उठाया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने उम्मीदवारों को किसी भी भ्रम से बचाने के लिए अपने ऑफिशियल कम्युनिकेशन चैनल की जानकारी शेयर की है। परीक्षा एजेंसी आधिकारिक आईडी के जरिए ही मेसेज भेज रहा है। सभी छात्रों को डिजिटल फ्रॉड से बचाने के लिए एनटीए ने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल, वॉट्सऐप नंबर और ईमेल आईडी की लिस्ट जारी की है। अगर आपको कोई मेसेज मिलता है तो केवल इन डिटेल्स पर ही भरोसा करें :

नीट से जुड़े मेसेज की सही आईडी

एसएमएस : यह मेसेज केवल ऑफिशियल सेंडर आईडी NICPEP से ही आएगा।

ईमेल : एनटीए का ऑफिशियल ईमेल हमेशा no-reply.neet.nta@nic.in से ही रिसीव होगा।

वेबसाइट : एडमिट कार्ड डाउनलोड करने या किसी भी अपडेट के लिए एक ही ऑफिशियल वेबसाइट http://neet.nta.nic.in है। इसे हमेशा खुद ब्राउजर में टाइप करके खोलें, किसी के भेजे लिंक पर क्लिक न करें।


ये है एनटीए का आधिकारिक वॉट्सऐप नंबर

एनटीए री-एग्जाम से जुड़े अपडेट्स और सेंटर की इंफॉर्मेशन सीधे वॉट्सऐप पर भी भेज रहा है। इसके लिए एनटीए सिर्फ एक ही नंबर वेरिफाइड का इस्तेमाल कर रहा है। यह नंबर +91 78279 80287 है। इस नंबर के साथ एनटीए नाम और ‘ब्लू वेरिफाइड टिक’ लगा है। बिना ब्लू टिक वाले नंबर पर बिलकुल भरोसा नहीं करें, भले ही उस पर एनटीए का नाम या लोगो लगा हो। यह फर्जी हो सकता है। ध्यान रखें यह ब्रॉडकास्ट-ओनली चैनल है। इस पर कोई रिप्लाई नहीं मांगा जाएगा।

3 मई वाला एडमिट कार्ड नहीं चलेगा

एनटीए ने स्पष्ट कर दिया है कि 3 मई की परीक्षा के लिए जारी किए गए एडमिट कार्ड अब अमान्य हो चुके हैं। इस बार बहुत से छात्र-छात्राओं को उनकी पसंदीदा सिटी में नए परीक्षा केंद्र अलॉट किए गए हैं। जिन छात्रों ने 21 जून की परीक्षा के लिए नया एडमिट कार्ड पहले ही डाउनलोड कर लिया है, उन्हें इसे दोबारा डाउनलोड करने की कोई जरूरत नहीं है।

संदिग्ध मेसेज की तुरंत करें शिकायत

एनटीए ने कहा है कि एजेंसी कभी भी किसी लिंक के जरिए एडमिट कार्ड शेयर नहीं करती और न ही कभी एग्जाम पेपर, आंसर-की या कोई ‘लीक मटीरियल’ भेजती है। इसके अलावा, एनटीए कभी भी किसी से कोई एक्स्ट्रा पेमेंट या पैसे नहीं मांगता है। किसी के पास ऐसा कोई संदिग्ध मेसेज, कॉल या लिंक आता है तो उस पर क्लिक न करें और इसकी जानकारी तुरंत आधिकारिक पोर्टल http://innovateindia.mygov.in/neet-ug-2026 पर दें। इसके अलावा नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 या http://cybercrime.gov.in पर भी फ्रॉड को रिपोर्ट किया जा सकता है।

AIIMS BSc Nursing Admit Card 2026 Today: 27 जून को होनी है परीक्षा, एम्स आज अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर सकता है एडमिट कार्ड

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।