NEET UG Result 2026: दो बार नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) स्नातक (UG) 2026 दे चुके 22 लाख परीक्षार्थी अब रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इन्हें एमबीबीएस एडमिशन और नए शैक्षिक सत्र शुरू होने में देरी की भी चिंता सता रही है। लेकिन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से एक राहत भरी खबर आ रही है। परीक्षा एजेंसी के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) को जानकारी दी है कि नीट यूजी 2026 रिजल्ट 20 जुलाई तक घोषित कर दिया जाएगा।
हालांकि, एजेंसी ने अभी रिजल्ट की पक्की तारीख नहीं बताई है, लेकिन एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि रिजल्ट जल्द से जल्द जारी करने के लिए काम तेजी से किया जा रहा है। अधिकारी ने स्टूडेंट्स को यह भी भरोसा दिलाया कि री-एग्जाम की वजह से हुई देरी के कारण एमबीबीएस शैक्षिक सत्र शुरू होने पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बता दें, नीट यूजी री-एग्जाम 21 जून को हुआ था, जिसमें लगभग 22 लाख परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। इससे पहले, 03 मई 2026 को हुए नीट यूजी 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों की वजह से कैंसिल कर दिया गया था।
अधिकारी ने कहा, "हम अभी कोई तारीख नहीं बताना चाहेंगे, लेकिन रिजल्ट 20 जुलाई तक आ जाएगा। आमतौर पर, एग्जाम के 45 दिनों के अंदर रिजल्ट घोषित कर दिए जाते हैं, लेकिन इस बार, क्योंकि हमने 37 दिनों में एग्जाम कराया है, इसलिए हम रिजल्ट बहुत पहले घोषित कर देंगे।" नीट यूजी री-एग्जाम की प्रोविजनल आंसर की 25 जून को जारी की गई थी, और कैंडिडेट्स को 28 जून तक आपत्ति करने का समय दिया गया था। अधिकारी के मुताबिक, परीक्षार्थियों की ओर से करीब 10,000 चुनौतियां दी गई हैं।
एजेंसी अब फाइनल आंसर की और रिजल्ट तैयार करने से पहले हर ऑब्जेक्शन को रिव्यू कर रही है। अधिकारी ने आगे कहा, "हमें सभी चैलेंज को एक-एक करके स्कैन करना होगा, सपोर्टिंग एविडेंस की जांच करनी होगी और उनमें से हर एक का जवाब देना होगा।" एनटीए ने यह भी कहा कि री-एग्जाम के बावजूद, एमबीबीएस प्रवेश कार्यक्रम और नए शैक्षिक सत्र के शेड्यूल पर कोई असर नहीं होगा। हालांकि, काउंसलिंग टाइमटेबल अभी तक अनाउंस नहीं किया गया है।
नीट यूजी रिजल्ट घोषित होने के बाद, मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) 15% ऑल इंडिया कोटा (AIQ), एम्स, JIPMER, सेंट्रल यूनिवर्सिटी और डीम्ड यूनिवर्सिटी के लिए काउंसलिंग शेड्यूल जारी करेगी। स्टेट अथॉरिटी बाकी 85% स्टेट कोटा सीटों के लिए काउंसलिंग शेड्यूल अलग से घोषित करेंगी। इस बीच, तमिलनाडु समेत कुछ राज्यों ने नीट यूजी 2026 रिजल्ट के इंतजार के बीच नए शैक्षिक सत्र में प्रवेश की तैयारी शुरू कर दी है।