Get App

Public Sector Banks vacancy: नौकरी देने में सबसे आगे हैं ये 10 सरकारी बैंक, सरकार ने सदन में दी जानकारी

Public Sector Banks vacancy सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक देश में प्रमुख नियोक्ताओं में से एक हैं। संसद में मानसून सत्र के दौरान पूछे गए एक सवाल के जवाब में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि देश के शीर्ष 10 पीएसबी हर साल सबसे ज्यादा नियुक्तियां करते हैं।

MoneyControl Newsअपडेटेड Aug 06, 2025 पर 4:47 PM
Public Sector Banks vacancy: नौकरी देने में सबसे आगे हैं ये 10 सरकारी बैंक, सरकार ने सदन में दी जानकारी

सरकारी क्षेत्र में नौकरी देने वाले संस्थानों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) का खास स्थान है। पीएसबी के अलावा देश के सबसे बड़े नियोक्ताओं में भारतीय रेल है। पीएसबी बोर्ड द्वारा संचालित होते हैं। इनमें हर साल जरूरत के हिसाब से अधिकारी और अन्य स्टाफ की भर्ती की जाती है। इस समय देश में 12 पीएसबी हैं। ये बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, यूको बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया हैं।

संसद के मानसून सत्र के दौरान, लोकसभा सांसद डॉ. बायरेड्डी शबरी ने सरकार से एक प्रश्न पूछा, जिसमें देश के विभिन्न पीएसबी में विभिन्न पदों के लिए स्वीकृत, भरे हुए और रिक्त पदों के साथ-साथ बैंकवार विस्तृत विवरण की जानकारी मांगी गई। उन्होंने पिछले छह वर्षों के दौरान प्रत्येक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक में बैंकवार और पदवार समाप्त किए गए पदों की संख्या का भी विवरण मांगा था।

इसके जवाब में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने 4 अगस्त को बताया कि पिछले पांच साल (वित्त वर्ष 2020-2025) में पीएसबी ने 1,48,687 कर्मियों की नियुक्ति की है। उन्होंने यह भी बताया कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 में 48,570 पदों पर भर्तियां चल रही हैं।

चौधरी ने कहा, ‘पिछले पांच साल (वित्त वर्ष 2020-2025) में पीएसबी द्वारा 1,48,687 नियुक्तियां की गई हैं और चालू वित्त वर्ष 2025-26 में 48,570 पदों पर भर्तियां चल रही हैं। इतना ही नहीं 30 जून, 2025 तक उनकी कारोबारी जरूरतों के मुताबिक 96% कर्मी अपना पद ग्रहण कर चुके हैं।’

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि इस अंतर का कारण सेवानिवृत्त की वजह से होने वाली छंटनी और अनियोजित निकासी जैसे सामान्य कारण हैं। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि पिछले छह साल के दौरान किसी भी पद को खत्म नहीं किया गया है।

पंकज चौधरी ने 30 जून, 2025 तक के जो आंकड़े पेश किए, उनके अनुसार, सबसे ज्यादा पद जिन 10 पीएसबी में हैं, उनमें भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) सबसे आगे है, जिसमें 9,088 रिक्त पद हैं। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा में 6,396 पद, पंजाब नेशनल बैंक में 4,898, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 3,156, इंडियन बैंक में 2,483, केनरा बैंक में 1,675, बैंक ऑफ इंडिया में 1,250, यूको बैंक में 1,000, बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 980 और इंडियन ओवरसीज बैंक में 701 पद खाली हैं। इस आंकड़े में अधिकारियों, क्लर्क और उप-कर्मचारियों की कुल संख्या शामिल है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें