School Holiday 2026: सूरज के चढ़ते तेवर देख दिल्ली, यूपी और राजस्थान के स्कूलों में घोषित हुईं गर्मियों की छुट्टियां, जानें आपके राज्य का हाल

School Holiday 2026: कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार है, तो कुछ राज्यों में इसके आसपास मंडरा रहा है। ऐसे में बच्चों का स्कूल जाना काफी मुश्किल हो सकता है। इसे देखते हुए देश के कई राज्यों में गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान किया जा चुका है। आइए जानें आपके राज्य में कब हो रही गर्मी की छुट्टी

अपडेटेड May 08, 2026 पर 2:04 PM
उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूल के शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार गर्मी की छुट्टियां 20 मई से 15 जून तक रहेंगी।

School Holiday 2026: गर्मी के मौसम में सूरज के चढ़ते तेवर को देखते हुए देश के कई राज्यों ने स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार है, तो कुछ राज्यों में इसके आसपास मंडरा रहा है। ऐसे में बच्चों का स्कूल जाना काफी मुश्किल हो सकता है। इसे देखते हुए दिल्ली के शिक्षा निदेशालय ने राज्य में 11 मई समर ब्रेक की घोषणा कर दी है। यानी गर्मी की छुट्टी के तौर पर छात्रों को 50 दिनों की लंबी छुट्टी मिलेगी, क्योंकि इनके स्कूल 01 जुलाई से फिर खुलेंगे।

दिल्ली से लगे पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूल के शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार गर्मी की छुट्टियां 20 मई से 15 जून तक रहेंगी। राज्य के प्राइवेट स्कूलों ने भी 15 से 20 मई के बीच छुट्टियां करने का मन बनाया है। हालांकि गर्मी ज्यादा बढ़ने पर जिला अधिकारी समय से पहले भी छुट्टी का आदेश दे सकते हैं।

राजस्थान में 17 मई से होगी गर्मियों की छुट्टी

राजस्थान में गर्मी का प्रचंड रूप हर साल देखने को मिलता है। यहां गर्मी की छुट्टियों के लिए शिक्षा विभाग ने पहले ही कमर कस ली है। विभाग के आधिकारिक कैलेंडर के अनुसार यहां के स्कूलों में 17 मई से 20 जून 2026 तक गर्मियों की छुट्टियां घोषित की गई हैं। तेज धूप और लू को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में पहले ही बदलाव किया जा चुका है ताकि बच्चों को दोपहर की तपिश से बचाया जा सके। पिछले सालों के रिकॉर्ड को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि अगर जून के अंत में भी गर्मी कम नहीं हुई, तो इन छुट्टियों को जिला स्तर पर और भी आगे बढ़ाया जा सकता है।

बिहार और हरियाणा में कब से बंद होंगे स्कूल

दिल्ली, यूपी और राजस्थान के मुकाबले बिहार और हरियाणा के बच्चों को गर्मियों की छुट्टियों के लिए थोड़ा ज्यादा इंतजार करना होगा। यहां स्कूलों में ग्रीष्मावकाश 1 जून से 20 जून 2026 तक घोषित किया गया है। बिहार शिक्षा विभाग के कैलेंडर के मुताबिक यहां जून में समर वेकेशन तय किया गया है। हरियाणा में भी 1 जून से 30 जून तक स्कूलों में गर्मी की छुट्टी रहेगी। हालांकि इन दोनों ही राज्यों में मौसम के मिजाज को देखते हुए छुट्टियों की तारीखों में फेरबदल किया जा सकता है।


पंजाब और बंगाल के स्कूलों में कब से है गर्मियों की छुट्टी?

पश्चिम बंगाल सरकार ने पहाड़ी इलाकों जैसे दार्जिलिंग और कालिम्पोंग को छोड़कर बाकी सभी जिलों में पहले ही गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। पंजाब में भी मई और जून के दौरान अलग-अलग चरणों में छुट्टियां घोषित की गई हैं ताकि पढ़ाई का नुकसान भी न हो और बच्चों को गर्मी से राहत भी मिल सके। इन तमाम घोषणाओं के बावजूद छात्र और अभिभावक अपने स्कूल के अध्यापकों से सटीक जानकारी जरूर ले लें क्योंकि कई बार स्थानीय स्तर पर स्कूल या जिला प्रशासन अपनी सुविधानुसार तारीखों में बदलाव कर देते हैं।

TN 12th Board result declared: इस साल 95.20% रहा तमिलनाडु बोर्ड का रिजल्ट, 97% पास पर्सेंटेज के साथ लड़कियों की बादशहत रही कायम, जिलों में इरोड बना टॉपर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।