UGC-NET June 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी-नेट जून 2026 के इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों के री-एग्जामिनेशन के लिए प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। परीक्षा एजेंसी ने अस्थायी उत्तर कुंजी के साथ परीक्षार्थियों के रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स भी जारी किए हैं। परीक्षा देने वाले आधिकारिक वेबसाइट पर प्रोविजनल आंसर-की और अपने रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स देख सकते हैं। यूजीसी-नेट जून 2026 री-एग्जाम के प्रश्नों पर अगर किसी उम्मीदवार को आपत्ति है, तो वे 13 सितंबर तक उसे चुनौती दे सकते हैं।
आधिकारिक वेबसाइट पर चैलेंज विंडो 13 सितंबर को रात 11.59 बजे तक खुली रहेगी। चैलेंज करने के लिए परीक्षार्थियों को हर सवाल के लिए 200 रुपये की प्रोसेसिंग फीस देनी होगी। यूजीसी-नेट जून 2026 पुन:परीक्षा तीन विषयों इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के लिए 9 और 10 सितंबर को देश भर में अलग-अलग जगहों पर हुई थी।
आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, चैलेंज सिर्फ ऑनलाइन मोड से ही स्वीकार किए जाएंगे। ईमेल, फैक्स या लेटर समेत किसी और तरीके से या बिना तय फीस दिए जमा किए गए चैलेंज स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अगर विषय विशेषज्ञ किसी चैलेंज को स्वीकार करते हैं, तो उससे होने वाला करेक्शन उस विषय के सभी उम्मीदवारों पर एक समान लागू होगा। साथ ही, जिन प्रश्नों पर आपत्ति सही पाई जाएगी, उसके लिए 200 रुपये प्रति सवाल की प्रोसेसिंग फीस पूरी तरह से वापस कर दी जाएगी।
टेस्टिंग एजेंसी ने साफ किया कि चैलेंज पर विचार करने के बाद फाइनल की गई आंसर-की को फाइनल माना जाएगा। चैलेंज विंडो बंद होने या रिजल्ट घोषित होने के बाद आंसर-की के बारे में कोई चैलेंज या शिकायत नहीं सुनी जाएगी।
चैलेंज विंडो और फीस पेमेंट
चैलेंज विंडो 13 सितंबर रात 11:59 बजे तक खुली रहेगी। प्रोसेसिंग फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से उसी डेडलाइन तक किया जा सकता है। प्रोसेसिंग फीस के भुगतान के बिना कोई चैलेंज नहीं माना जाएगा।
उम्मीदवारों द्वारा जमा किए गए चैलेंज को तय विषय विशेषज्ञ सत्यापित करेंगे। अगर कोई चैलेंज मेरिट के आधार पर सही पाया जाता है, तो प्रोविजनल आंसर-की को संशोधित किया जाएगा, और रिजल्ट तैयार करने और घोषित करने के लिए उम्मीदवारों के जवाबों को संशोधित अंतिम आंसर-की के आधार पर मूल्यांकित किया जाएगा। संशोधित अंतिम आंसर की रिजल्ट घोषित होने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशितकी जाएगी। कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वे ताजा अपडेट के लिए एनटीए और यूजीसी-नेट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और सिर्फ एनटीए से मिलने वाली आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।