UK Board 10th-12th Result 2026: यूके बोर्ड के 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों का रिजल्ट आज जारी हो गया है। पूरे साल की मेहनत का फल पाकर छात्रों, उनके परिवार और टीचर खुशी से झूम रहे हैं। वहीं, कुछ छात्र ऐसे भी हैं, जो अपने रिजल्ट को देख कर खुश नहीं हैं। इनमें से किसी के नंबर उम्मीद से कम आए हैं, तो कुछ छात्र फेल हो गए हैं। ये छात्र अब निराशा से जूझ रहे हैं। लेकिन यूके बोर्ड ने कहा है कि ऐसे छात्रों को परेशान या हताश होने की जरूरत नहीं हैं। बोर्ड इन्हें नंबर बढ़ाने, सुधारने के साथ-साथ फेल छात्रों को साल बचाने का भी मौका देता है। आइए जानें कम नंबरों से मायूस छात्रों के पास क्या विकल्प हैं?
उम्मीद से कम नंबरों पर करा सकते हैं स्क्रूटनी/रीवैलुएशन
ऐसे छात्र, जिन्हें लगता है कि उन्हें अच्छा पेपर किया था लेकिन उसके मुकाबले उनके नंबर कम हैं, वे स्क्रूटनी या रीवैलुएशन का विकल्प चुन सकते हैं। वे रिजल्ट जारी होने के बाद ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में छात्र की पूरी कॉपी की दोबारा जांच की जाती है। यदि कोई उत्तर चेक होने से रह गया हो या नंबर जोड़ने में गलती हुई हो, तो उसे सुधारा जाता है। कई बार इस प्रक्रिया में छात्रों के नंबर बढ़ जाते हैं।
रिवैल्युएशन के लिए आवेदन विंडो रिजल्ट घोषित होने के कुछ दिनों के भीतर ही खोल दी जाती है। छात्रों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 'Revaluation/Scrutiny' लिंक पर क्लिक करना होगा। प्रत्येक विषय के पुनर्मूल्यांकन के लिए बोर्ड द्वारा एक निश्चित शुल्क तय किया गया है, जिसे ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य है। आवेदन के लिए छात्रों को करीब 15 से 20 दिनों का समय दिया जाता है।
रिवैल्युएशन के लिए आवेदन करने से पहले छात्रों को यह ध्यान रखना चाहिए कि इस प्रक्रिया में अंक बढ़ सकते हैं और घट भी सकते हैं। जो भी संशोधित अंक होंगे, वही अंतिम माने जाएंगे। इसके आधार पर नई मार्कशीट तैयार की जाएगी।
फेल छात्रों को मिलता है साल बचाने का मौका
बोर्ड के नियमों के अनुसार, एक या दो विषयों में फेल छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस परीक्षा का सबसे बड़ा लाभ यह है कि छात्र इसी शैक्षणिक सत्र में पास होकर अगली कक्षा में दाखिला ले सकते हैं और उन्हें पूरा साल रिपीट नहीं करना पड़ता है।
इन्हें मिलेगा कंपार्टमेंट परीक्षा का लाभ
बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत 10वीं के वे छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा दे सकते हैं जो एक या दो विषयों में फेल हुए हैं। वहीं, 12वीं के छात्र सिर्फ एक विषय में कंपार्टमेंट परीक्षा दे सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अधिक विषयों में फेल छात्रों को अगले साल फिर से मुख्य परीक्षा में शामिल होना होगा।
कंपार्टमेंट परीक्ष के लिए बोर्ड जारी करेगा नोटिस
बोर्ड कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए रिजल्ट जारी होने के कुछ दिनों के भीतर आधिकारिक नोटिस जारी करेगा। छात्र अपने संबंधित स्कूल के माध्यम से निश्चित शुल्क अदा कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद, जून या जुलाई में कंपार्टमेंट परीक्षाएं आयोजित की जा सकती हैं।