UP Board Exam 2026 Evaluation: परीक्षा हुई खत्म अब शुरू होगी कॉपियों की चेकिंग, आंसर शीट में छुपाए हैं नोट तो होंगे गंभीर परिणाम

UP Board Exam 2026 Evaluation: यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं खत्म हो चुकी हैं। अब राज्य के 53 लाख से अधिक छात्रों की कॉपियों का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होगा। बोर्ड ने रुपये के साथ प्राप्त होने वाली कॉपियों के खिलाफ सख्त निर्देश दिए हैं। जानिए क्या है ये निर्देश और कब आएगा रिजल्ट

अपडेटेड Mar 13, 2026 पर 10:00 AM
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने कहा कि इसे परीक्षा में अनुचित साधन प्रयुक्त करना माना जाएगा।

UP Board Exam 2026 Evaluation: यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की अंतिम परीक्षा खत्म हो चुकी है। लेकिन अब छात्रों के लिए रिजल्ट का इंतजार शुरू हो गया है। हालांकि, इसके लिए बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन करेगा, जो 18 मार्च से राज्य में बनाए गए मूल्यांकन केंद्रों पर किया जाएगा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने बोर्ड परीक्षा की तरह उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए भी कई सख्त निर्देश जारी किए हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण निर्देश ये है कि जिन आंसर शीट में रुपये/नोट मिलेंगे, उनका मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।

यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि इस संबंध में परीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। हर साल बोर्ड परीक्षा की आंसर शीट में मूल्यांकन के दौरान रुपये मिलने का मामला सामने आता रहता है। परीक्षार्थियों को लगता है कि इससे उन्हें अच्छे नंबर मिलेंगे। लेकिन ये गलत धारणा है। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने कहा कि इसे परीक्षा में अनुचित साधन प्रयुक्त करना माना जाएगा और उसी अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।

नोट वाली कॉपियों के लिए ये है निर्देश

रुपये वाली कॉपियों का विवरण (अनुक्रमांक, विषय आदि) मूल्यांकन केंद्र पर अलग से दर्ज किया जाएगा, ताकि जांच में यह स्पष्ट हो सके कि परीक्षार्थी ने संबंधित विषय की परीक्षा किस कक्ष में दी थी और उसमें कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी किसने की थी। इसे संबंधित कक्ष निरीक्षक ने अपनी ड्यूटी में लापरवाही माना जाएगा। ऐसे कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इन कॉपियों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। संबंधित परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण होंगे। वह चाहें तो कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होकर उत्तीर्ण हो सकते हैं।

परीक्षा शुरू होने पहले ही दिए गए थे निर्देश

परीक्षा शुरू होने से पहले जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए गए थे। इसके मुताबिक केंद्र व्यवस्थापकों के माध्यम से वह हर क्लास में छात्रों को सूचित किया गया था कि आंसर शीट में रुपये बिलकुल न रखें। पूर्व में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों को 100-200 से लेकर 500 रुपये तक मिलने के मामले सामने आए हैं। इस पर रोक लगाने के उद्देश्य से उत्तर पुस्तिका में रुपये न रखने के निर्देश का पालन कराने की जिम्मेदारी कक्ष निरीक्षकों को भी दी गई थी।


अप्रैल के अंतिम हफ्ते में आएगा रिजल्ट!

यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू हो जाएगा। इससे पहले मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए चुने गए सभी परीक्षकों को 16 मार्च को अपने निर्धारित केंद्रों पर रिपोर्ट करना होगा। बोर्ड ने 17 मार्च को सभी परीक्षकों को प्रशिक्षण देने का निर्देश केंद्रों के उपनियंत्रकों यानी प्रधानाचार्यों को दिया है। बोर्ड अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में रिजल्ट घोषित करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।

JEE Main 2026 Registration Reopened: एनटीए ने फिर से खोली जेईई मेन सेशन 2 की रजिस्ट्रेशन विंडो, आखिरी मौका कल रात 9 बजे तक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।