UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिए (12वीं) कक्षा की फाइनल परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। बोर्ड परीक्षाओं को नकल और अनियमितता मुक्त बनाने के लिए परिषद पूरे जोर-शोर से लगा हुआ है। इसके लिए इस बार बोर्ड परीक्षाएं ही नहीं इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षाओं को भी सीसीटीवी की निगरानी में करवाने का फैसला किया गया है। इसके तहत जिला स्तर पर परीक्षा केंद्रों को कंट्रोल रूम से जोड़ने का काम शुरू हो चुका है। हाल ही में आगरा जिले में इसका ट्रायल किया गया।
आगरा राजकीय इंटर कॉलेज में बनाया कंट्रोल रूम
आगरा में राजकीय इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां के सभी केंद्रों को कंट्रोल रूम से जोड़ कर ट्रायल किया गया। लखनऊ और मेरठ के कंट्रोल रूम से भी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी की जाएगी। प्रयोगात्मक परीक्षा पर भी सीसीटीवी कैमरों से नजर रखने का शासन ने आदेश दिया है। इसकी तैयारी में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय लगा हुआ है। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि कंट्रोल रूम में 6 कंप्यूटर सिस्टम लगाए गए। इनका लाइट टेस्ट किया गया। इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षा 24 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। सूचनाओं के संकलन के लिए कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 9997156949 जारी कर दिया गया है।
मुजफ्फरनगर में डीआईओएस ऑफिस बना कंट्रोल रूम
मुजफ्फर नगर में डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। और परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी 72 केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों के लिए जोड़ा गया है। कई वर्ष बाद बोर्ड परीक्षा का कंट्रोल रूम डीआईओएस कार्यालय में बनाया गया है। परीक्षा की तैयारियों की बीच बुधवार को कंट्रोल रूम का ट्रायल हुआ। इसके तहत सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और केंद्र प्रभारियों को खराब कैमरे दुरूस्त करने के निर्देश दिए गए। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इससे पहले जनवरी में ही बोर्ड परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी।
परीक्षाओं हर तरह की अनियमितता रोकने के लिए सभी 72 केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ वॉइस रिकार्डर से जोड़ा गया है। बुधवार को सभी केंद्रों के कैमरे और वाइस रिकार्डर की जांच हुई।