Get App

UP Board Exam 2026: परीक्षा केंद्र की लापरवाही या सुरक्षा चूक, यूपी बोर्ड परीक्षा में तय समय से पहले खुला पेपर

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की परीक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। राज्य के एक परीक्षा केंद्र में 12 मार्च को होले वाली परीक्षा का पेपर तय समय से पहले खोलने का मामला सामने आया है। इतना ही परीक्षा केंद्र ने उस विषय में किसी छात्र के उपस्थित न होने की रिपोर्ट भी बना कर बोर्ड को भेज दी

MoneyControl Newsअपडेटेड Feb 21, 2026 पर 10:36 AM
UP Board Exam 2026: परीक्षा केंद्र की लापरवाही या सुरक्षा चूक, यूपी बोर्ड परीक्षा में तय समय से पहले खुला पेपर
रिपोर्ट बोर्ड कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों को शक हुआ और वे तुरंत जांच करने केंद्र पहुंचे।

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की हाईस्कूली (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की बोर्ड परीक्षाएं पूरे राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं। बोर्ड परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही, धांधली या नकल रोकने के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने इस बार काफी सख्त इंतजाम किए हैं। इसके बाद राज्य के एक परीक्षा केंद्र में तय समय से पहले प्रश्न पत्र खोलने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। इसे परीक्षा केंद्र की बड़ी लापरवाही मानते हुए जरूर कार्रवाई की जा रही है।

ये मामला राज्य के आजमगढ़ जिले का है। यहां शुक्रवार को हुई इंटरमीडिएट की परीक्षा में 12 मार्च को होने वाली संस्कृत की परीक्षा का पेपर खोल दिया गया। हैरत की बात ये है कि परीक्षा केंद्र ने जिला मुख्यालय को ये रिपोर्ट भी बनाकर भेज दी कि इस परीक्षा के लिए कोई छात्र उपस्थित नहीं था। लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, रिपोर्ट बोर्ड कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों को शक हुआ और वे तुरंत जांच करने केंद्र पहुंचे। घटना का खुलासा होने के बाद परीक्षा केंद्र से लेकर जिला मुख्यालय तक हड़कंप मच गया।

बता दें, आजमगढ़ के पल्हना इलाके के मां शारदा इंटर कॉलेज, सिंहपुर सरैया में ये घटना 20 फरवरी को हुई। यूपी बोर्ड के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 20 तारीख को हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा सुबह की शिफ्ट में थी। जबकि, इंटरमीडिएट की पहली शिफ्ट में कृषि शस्य विज्ञान (एग्रोनामी)- प्रथम प्रश्नपत्र (कृषि भाग-1 के लिये) कृषि शस्य विज्ञान (एग्रोनामी) षष्टम्प्रश्नपत्र (कृषि भाग-2 के लिये) परीक्षा थी। इंटर की दूसरी शिफ्ट में दोहपर 2 बजे से 5-15 बजे तक- अंग्रेजी की परीक्षा थी। 12 मार्च को इंटरमीडिएट संस्कृत की परीक्षा तय है। इसी विषय का प्रश्नपत्र तय तारीख से पहले ही शुक्रवार को खोल दिया गया।

मामला खुलने के बाद वाराणसी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के सचिव विनोद राय, संयुक्त शिक्षा निदेशक नवल किशोर और प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की लापरवाही सामने आई। अधिकारियों ने कहा कि तय तारीख से पहले प्रश्नपत्र खोलना परीक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। फिलहाल प्रश्नपत्र को दोबारा सील कर सुरक्षित रखवा दिया गया है। डिटेल रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।

विभाग ने दिए कार्रवाई के निर्देश

संयुक्त शिक्षा निदेशक ने इस पूरे मामले को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस घटना के बाद बोर्ड परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें