UP board exams 2026: अफवाह है सोशल मीडिया पर वायरल पेपर, यूपी बोर्ड ने एक्स पर बताया वायरल पेपर का सच

UP board exams 2026: यूपी बोर्ड परीक्षा के शुरू होने से पहले बोर्ड परीक्षा का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल होने की खबर आने से हड़कंप मच गया। बोर्ड ने इस घटना का संज्ञान लिया और तुरंत एक्स पर वायरल पेपर के सच का खुलासा किया। बोर्ड ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर चेतावनी भी दी

अपडेटेड Feb 18, 2026 पर 12:37 PM
Story continues below Advertisement
यूपी बोर्ड ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित प्रश्नपत्रों को पूरी तरह भ्रामक और फर्जी बताया है।

UP board exams 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMPS) ने सोशल मीडिया पर चल रही बोर्ड पेपर लीक होने की खबर को अफवाह बताया है। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने परिषद के आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी भी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित प्रश्नपत्रों को पूरी तरह भ्रामक और फर्जी बताते हुए कहा कि वायरल कथित प्रश्नपत्र का परीक्षा से कोई संबंध नहीं है। बोर्ड पहले भी छात्रों को किसी भी अनौपचारिक स्रोत या सोशल मीडिया की अफवाहों के बजाय केवल बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट upmsp.edu.in पर दी गई जानकारी पर ही भरोसा करने की हिदायत देता रहा है।

यूपीएमएसपी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी नोट में उन्होंने कहा कि परिषद की मीडिया सेल के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षार्थियों को गुमराह करने और बोर्ड परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने के उद्देश्य से कूटरचित प्रश्नपत्र प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा की सुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में साइबर सेल को एफआईआर दर्ज कर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया कि वायरल प्रश्नपत्रों का वास्तविक परीक्षा से कोई संबंध नहीं है।

आज से शुरू हुई परीक्षा


यूपी बोर्ड हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। 18 फरवरी 2026 को पहली शिफ्ट में यूपी बोर्ड 10वीं की हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा होगी और दूसरी शिफ्ट में 12वीं हिंदी एवं सामान्य हिंदी परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस साल करीब 52 लाख से अधिक स्टूडेंट्स यूपी बोर्ड परीक्षा देने वाले हैं। इनमें 27.50 लाख स्टूडेंट्स हाईस्कूल और 24.79 लाख स्टूडेंट्स के इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में बैठने की उम्मीद है।

UP Board Exams 2026: आज से शुरू हुई यूपी बोर्ड हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने छात्रों को दी शुभकामनाएं

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।