UP Board Result 2026: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 10 मार्च को खत्म हो चुकी हैं। इसके बाद 18 मार्च से राज्य में बनाए गए 200 मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियों की चेकिंग भी शुरू हो चुकी है। इस बीच त्योहारों की छुट्टियां पड़ने से कॉपियों की मूल्यांकन प्रक्रिया बाधित हुई है। मार्च के महीने में 18 मार्च से मूल्यांकन शूरू होने के बाद से 3 छुट्टियां पड़ गई हैं, जिसमें कॉपियां नहीं चेक की जाएंगी। इस देखते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने मूल्यांकन पूरा करने की डेडलाइन 01 अप्रैल से बढ़ा कर 4 अप्रैल कर दी है।
उत्तर प्रदेश में राम नवमी के उपलक्ष्य में 26 और 27 मार्च दोनों दिन अवकाश घोषित किया गया है। इसे देखते हुए यूपीएमएसपी ने बोर्ड परीक्षा 2026 की आंसर शीट के मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। यूपी बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन इन दोनों दिन स्थगित रहेगा। इससे पहले 21 मार्च को ईद-उल-फितर के मौके पर भी अवकाश के चलते कॉपियों का मूल्यांकन स्थगित रहा था।
राज्य में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू हो गया है। प्रदेशभर में 1,53,530 लाख शिक्षक 200 मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियों की जांच कर रहे हैं। इस वर्ष यूपी बोर्ड की 2026 की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में कुल 53,37,778 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें 10वीं के 27,61,696 और 12वीं के 25,76,082 छात्र प्रदेश के 8000 से अधिक केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हुए।
इस बीच, यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने इन सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि सभी छात्र-छात्राओं के हाईस्कूल के विषयों के आंतरिक मूल्यांकन तथा इंटरमीडिएट के नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक वेबसाइट upmsp.edu.in पर 25 मार्च तक प्रत्येक दशा में अपलोड करना सुनिश्चित करें।