UP Board Result 2026: यूपी बोर्ड से हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा देने वाले छात्रों का रिजल्ट आने का समय पास आता जा रहा है। छात्रों के लिए जहां एक-एक मिनट काटना मुश्किल हो रहा है, वहीं एक सवाल ये भी उठ रहा है कि इस साल 10वीं और 12वीं कक्षा में टॉप करने वाले छात्रों को क्या-क्या मिलेगा ? पिछले साल के ट्रेंड को देखें तो उनके लिए एक तरह से खजाने का दरवाजा खुलने जैसा अनुभव होता है।
यूपी बोर्ड से 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा पास करने वाले छात्रों को अपनी इस उपलब्धि के लिए नकद और लैपटॉप सहित कई पुरस्कारों से नवाजा जाता है। राज्य सरकार की ओर से प्रदेश ही नहीं जिला स्तर पर सर्वाधिक नंबर पाने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाता है। इसमें नकद, लैपटॉप, मेडल, किताब और सर्टिफिकेट शामिल है। बता दें, राज्य के 10वीं और 12वीं कक्षा के 50 लाख से अधिक छात्र अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं।
राज्य और जिला टॉपर को नकद और लैपटॉप का पुरस्कार
उत्तर प्रदेश की सरकार की ओर से यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप करने वाले मेधावी छात्रों को 1 लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाता है। साथ ही, लैपटॉप (या टैबलेट) और सम्मान पत्र (सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर) भी मिलेगा। इसके अलावा, जिला स्तर पर टॉप करने वाले छात्रों को 21,000 रुपये की नकद धनराशि दी जाती है। इन्हें भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है। हालांकि, अभी न तो रिजल्ट जारी होने की तारीख की आधिकारिक घोषणा हुई है और न टॉपर को दिए जाने वाले पुरस्कारों पर सरकार या परिषद की ओर से अपडेट आया है। पिछले साल के ट्रेंड के आधार पर ये कयास लगाया जा रहा है।
रिजल्ट को दिया जा रहा अंतिम रूप
एक से दो दिन में जारी होंगे रिजल्ट
इस साल भी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद 10वीं और 12वीं के नतीजे पारंपरिक तरीके से प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जारी करेगा। छात्रों के अंकों का डिजिटलीकरण भी समाप्ति की ओर है। कयास लगाया जा रहा है कि नतीजे का ऐलान एक से दो दिन में किया जा सकता है। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। रिजल्ट की घोषणा हर बार की तरह इस बार भी शिक्षा मंत्री गुलाब देवी करेंगी। इस दौरान बोर्ड के सचिव और अध्यक्ष की भी मौजूदगी रहेगी। परिणाम घोषित होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in, upresults.nic.in, results.upmsp.edu.in पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकेंग। यहां आपको अपना रोल नंबर व डेट ऑफ बर्थ दर्ज करना होगा।