यूपी बोर्ड (UPMSP) के 55 लाख से अधिक परीक्षार्थियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। 23 अप्रैल को शाम 4 बजे 10वीं और 12वीं के नतीजे घोषित होने वाले हैं। ऐसे में सबकी नजर अब यूपी बोर्ड को टॉप करने वाले टॉपर्स की लिस्ट पर है। आपको बता दें कि अपनी मेहनत से मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले मेधावियों पर न सिर्फ सफलता की चमक होगी, बल्कि हर साल की तरह इस साल भी योगी सरकार की ओर से उन पर पुरस्कारों की बौछार भी होगी। बता दें कि राज्य सरकार हर साल यूपी में 'मेधावी छात्र सम्मान समारोह' का आयोजन कर टॉपर्स को प्रोत्साहित करती है।
ऐसे में इस बार भी सारे लोग यही जानना चाह रहे हैं कि आखिर सीएम योगी इन टॉपर्स को क्या देने वाले हैं। पिछले सत्रों और आधिकारिक घोषणाओं के आधार पर इसे लेकर एक अनुमान लगाया जा सकता है।
राज्य स्तरीय टॉपर्स (State Level Toppers) को मिलता रहा है 1 लाख रुपये और लैपटॉप
पिछले सालों में प्रदेश की मेरिट सूची (Top 10) में स्थान बनाने वाले मेधावियों को सबसे बड़ा सम्मान मिलता रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में इन्हें सम्मानित करते हैं। मेधावी छात्र को एक लाख रुपये का चेक दिया जाता है। डिजिटल इंडिया और लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए एक नया लैपटॉप या टैबलेट दिया जाता है। मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र और एक मेडल भी मिलता है।
जिला स्तरीय टॉपर्स को 21 हजार रुपये का इनाम
हर जिले में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले स्टूडेंट्स को भी जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाता है। जिला टॉपर्स को 21 हजार रुपये दिए जाते हैं। प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर उनका उत्साहवर्धन किया जाता है।
गौरव पथ: छात्र के नाम पर बनती है सड़क
योगी सरकार की सबसे अनूठी पहल 'गौरव पथ' है। इसके तहत राज्य स्तर पर टॉप करने वाले छात्रों के घर तक जाने वाली पक्की सड़क का नामकरण उस मेधावी छात्र के नाम पर किया जाता है। यह छात्र के साथ-साथ उसके पूरे परिवार और गांव के लिए गर्व का विषय होता है।
23 अप्रैल को शाम 4 बजे रखें नजर
कल शाम जैसे ही परिणाम घोषित होंगे, राज्य और जिला स्तर की मेरिट लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी। स्टूडेंट्स अपना रिजल्य upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर देख सकेंगे। बोर्ड सचिव ने स्पष्ट किया है कि टॉपर्स का वेरिफिकेशन पहले ही किया जा चुका है ताकि पुरस्कारों के वितरण में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।
यहां नीचे देखिए सीएम योगी ने जब 2025 के हाईस्कूल टॉपर को किया था सम्मानित और दी थी प्राइज मनी