Uttarakhand Board Exam 2026: उत्तराखंड बोर्ड से शैक्षिक वर्ष 2025-26 में हाईस्कूल (10वीं कक्षा) और इंटरमीडिएट (12वीं) कक्षा की परीक्षा देने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अहम अपडेट है। यूके बोर्ड ने दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य के इंटरमीडिएट छात्रों की परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेंगी। वहीं, हाईस्कूल छात्रों की परीक्षा 23 फरवरी से शुरू होगी और 20 मार्च को समाप्त होगी। उत्तराखंड 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी, जो सुबह 10 बजे शुरू होगी और दोपहर एक बजे समाप्त होगी। उत्तराखंड के माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए जा रहे हैं। राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने परीक्षार्थियों को अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है।
