Assam Police Raid on Pawan Khera: मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, असम पुलिस कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पर छापेमारी की है। यह रेड पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पर हुई है। हालांकि, बताया जा रहा है कि वह फिलहाल घर पर मौजूद नहीं है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस प्रवक्ता के घर असम के साथ दिल्ली पुलिस भी मौजूद है। कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने रविवार शाम असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से पूछा था कि क्या उनके परिवार की विदेशों में संपत्तियां और कंपनियां हैं।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मीडिया और पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के हेड खेड़ा ने दावा किया था कि कुछ डॉक्यूमेंट्स से पता चलता है कि सरमा की पत्नी के पास कई पासपोर्ट हैं। वहीं, हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा था कि वह और उनकी पत्नी पवन खेड़ा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। इसके बाद सरमा की पत्नी ने इस मामले में खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
सीएम ने कहा कि उन्होंने उनकी पत्नी पर झूठे आरोप लगाए हैं कि उनके पास कई पासपोर्ट हैं और दुबई में संपत्तियां हैं। खेड़ा ने ये आरोप असम में 9 अप्रैल को मतदान होने से ठीक चार दिन पहले रविवार को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लगाए थे। इसके बाद पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद असम पुलिस दिल्ली में कांग्रेस प्रवक्ता के आवास पर पहुंची है।
पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने CM हिमंता की पत्नी की या उनके परिवार की दुबई में संपत्ति होने, अमेरिका के व्योमिंग में कंपनियां होने या मुखौटा कंपनियों में संपत्ति होने का आरोप लगाया था। हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह की झूठी जानकारी के आधार पर उनकी पत्नी के कई पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्तियां होने का आरोप गढ़ा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान असम चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। पवन खेड़ा के आरोपों के एक दिन बाद सरमा ने कहा कि ये आरोप चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए लगाए गए हैं, जो कानून के तहत दंडनीय है।
BJP नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के खिलाफ जो दस्तावेज इस्तेमाल किए वे 'पाकिस्तानीज इन अजमान' नाम के एक सोशल मीडिया ग्रुप से लिए गए थे। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की तस्वीर को किसी पाकिस्तानी व्यक्ति के खोए हुए पासपोर्ट पर छेड़छाड़ कर लगाया गया था।
पवन खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया था कि असम के मुख्यमंत्री की पत्नी के पास संयुक्त अरब अमीरात (UAE), मिस्र और एंटीगुआ-बारबुडा के तीन पासपोर्ट हैं। साथ ही दुबई में दो संपत्तियां हैं। उनकी पूंजी मुखौटा कंपनियों में लगी है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पत्नी ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले में पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।