असम में फिर से 12 मई को मुख्यमंत्री बनेंगे हिमंता बिस्वा सरमा! BJP विधायक दल के नेता चुने गए, सरकार बनाने का पेश किया दावा

Assam CM Oath Ceremony 2026: भारतीय जनता पार्टी (NDA) के नेताओं ने असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से रविवार (10 मई) को मुलाकात की और विधानसभा के लिए सदन के नेता चुने गए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश किया। सरमा की अगुवाई में असम में लगातार तीसरी बार NDA की सरकार होगी

अपडेटेड May 10, 2026 पर 2:55 PM
Story continues below Advertisement
Assam CM Oath Ceremony 2026: हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को फिर से असम की कमान संभालेंगे

Assam CM Oath Ceremony 2026: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं। असम की राजनीति में अपनी रणनीतिक कुशलता और विकासवादी छवि के लिए मशहूर सरमा 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार (10 मई) को ऐलान किया कि हिमंता बिस्वा सरमा को असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। इससे उनके लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।

असम में लगातार तीसरी बार NDA की सरकार बनेगी। BJP के नेतृत्व वाली सरकार पहली बार 2016 में सत्ता में आई थी, जिसकी बागडोर सर्वानंद सोनोवाल के हाथ में थी। नड्डा ने कहा कि निवर्तमान सरकार के मंत्रियों रंजीत कुमार दास, अजंता नेओग, अशोक सिंघल और पीयूष हजारिका समेत BJP के आठ विधायकों ने शर्मा के नाम पर प्रस्ताव रखा। गठबंधन के सहयोगी दलों असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने भी उनके नाम का समर्थन किया।

इससे पहले रविवार सुबह BJP विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें बाद में गठबंधन के सहयोगी दल भी शामिल हो गए। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नड्डा और सह-पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपस्थित रहे। गठबंधन नेता चुने जाने के बाद सरमा ने NDA विधायकों को संबोधित करते हुए पिछले महीने हुए चुनाव में मिले जनादेश के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल से मिलेंगे।


हिमंता बिस्वा सरमा ने क्या कहा?

हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "BJP की अगुवाई वाली NDA के लिए यह ऐतिहासिक जनादेश के बाद गर्व का क्षण है। यह हमारी पूर्ववर्ती सरकार के अच्छे कार्यों और असम के विकास के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता का समर्थन है।" उन्होंने कहा कि आगामी सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ काम करेगी। उन्होंने चुनाव में समर्थन के लिए AGP और बीपीएफ का भी आभार जताया।

सरमा ने कहा, "हम अब राज्यपाल से मिलने जाएंगे और अपने गठबंधन के 102 विधायकों की सूची सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।" NDA ने विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। विधानसभा की 126 सीट में से BJP ने 82 पर जीत हासिल की। जबकि सहयोगी दलों AGP और बीपीएफ ने 10-10 सीट जीतीं।

12 मई को होगा शपथग्रहण समारोह

असम में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को खानापारा पशु चिकित्सा महाविद्यालय में होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, NDA नेता और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। NDA विधायक दल का नेता चुनने के बाद सरमा ने असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।

BJP लेजिस्लेचर पार्टी के नए चुने गए हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें लगातार तीसरी बार असम में सरकार बनाने का आशीर्वाद दिया है। मैं प्रधानमंत्री का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। लोगों ने हमें आशीर्वाद दिया है। हम अगले 5 सालों में विकास के काम करेंगे। मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी शुक्रिया अदा करता हूं।"

ये भी पढ़ें- Vijay News: तमिलनाडु की कमान संभालने ही सीएम विजय का ऐतिहासिक फैसला, 200 यूनिट फ्री बिजली समेत ये 3 बड़े ऑर्डर जारी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।