Assembly Elections 2026 Live: केरल में सुबह-सुबह बीजेपी नेताओं ने डाला वोट
केरल विधानसभा की सभी 140 सीट के लिए मतदान गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। मतदाता राज्य के 30,495 मतदान केंद्रों पर सुबह जल्दी पहुंचने लगे ताकि दिन चढ़ने के साथ बढ़ने वाली गर्मी से बचा जा सके। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन अपनी पत्नी और बेटी के साथ परवूर निर्वाचन क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए सुबह जल्दी पहुंचे।
इसी तरह वट्टियूरकावु विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार आर श्रीलेखा और पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने भी सुबह जल्दी पहुंचकर मतदान किया। मतदान कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जारी है। इसके तहत 76,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही वेबकास्टिंग सिस्टम का व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल करते हुए चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।
राज्य की 140 विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करीब 2.71 करोड़ मतदाता करेंगे। निर्वाचन आयोग (ECI) के आंकड़ों के अनुसार, मतदाताओं में 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इसके अलावा 2.42 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता भी हैं। इस चुनावी प्रक्रिया के लिए चुनाव आयोग ने 1.42 लाख कर्मियों की तैनाती की है।
केरल में मुख्य मुकाबला CPI(M) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF), कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले NDA के बीच है। इस चुनाव प्रचार की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी और पिनाराई विजयन जैसे बड़े नेताओं ने संभाली है।