Get App

बिहार चुनाव 2025: 'NDA को दो-तिहाई बहुमत मिलना नेहरू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी'; ऐसा क्यों बोले राजनाथ सिंह?

Bihar Election 2025: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विश्वास व्यक्त किया है कि मौजूदा एनडीए सरकार बिहार में दो-तिहाई बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि नवंबर में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन पर यानी चुनाव परिणामों की घोषणा के दिन उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी

MoneyControl Newsअपडेटेड Oct 29, 2025 पर 5:56 PM
बिहार चुनाव 2025: 'NDA को दो-तिहाई बहुमत मिलना नेहरू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी'; ऐसा क्यों बोले राजनाथ सिंह?
Bihar Election 2025: पटना में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार को गुंडाराज की जरूरत नहीं है

Bihar Assembly Election 2025: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार (29 अक्टूबर) को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को दो-तिहाई बहुमत मिलना देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आगामी 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना होगी। उसी दिन देश के पहले पीएम नेहरू की जयंती भी है। पटना जिले के बाढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि बिहार को गुंडाराज की जरूरत नहीं है।

रक्षा मंत्री सिंह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के 'जंगल राज' से हुए नुकसान की काफी हद तक भरपाई करने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल 'बांग्लादेशी घुसपैठियों' के वोट सुरक्षित करना चाहता है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता सिंह ने कांग्रेस और राजद पर निर्वाचन आयोग पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम किया जाएगा तो लोकतंत्र कैसे चलेगा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव का मुद्दा बिल्कुल स्पष्ट है कि राज्य को फिर से जंगल राज की ओर ले जाना है या विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाना है। इससे पहले दरभंगा जिले में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने राजद द्वारा प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के वादे को अवास्तविक करार दिया। उन्होंने कहा कि NDA अपना घोषणापत्र गुरुवार को जारी करेगा और उसमें किए गए हर वादे को पूरा करेगा।

सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर 20 साल के शासन में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा। जबकि दुःख की बात है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री का पूरा परिवार अनियमितताओं के मामलों में आरोपी है। उन्होंने विपक्ष पर वक्फ अधिनियम में किए गए संशोधनों को वापस लेने का झूठा वादा करने का आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि यह कानून संसद में पारित हुआ है। इसलिए इसे राज्य स्तर पर बदला नहीं जा सकता।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें