Get App

बिहार की राजनीति में नया ‘M-Y’ फॉर्मूला, ये आंकड़े बता रहे NDA की प्रंचड जीत की असली कहानी

Bihar Election Result 2025 : इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में कुल संख्याओं में भी महिलाएं आगे रहीं- 2.51 करोड़ महिलाओं ने वोट डाला, जबकि पुरुष मतदाता 2.47 करोड़ रहे, यानी महिलाओं ने पुरुषों से 4.34 लाख ज्यादा वोट डाले। 2020 के मुकाबले (जब 2.08 करोड़ महिलाओं ने वोट किया था), 2025 के चुनाव में 43 लाख ज्यादा महिलाओं ने मतदान किया

Rajat Kumarअपडेटेड Nov 15, 2025 पर 4:51 PM
बिहार की राजनीति में नया ‘M-Y’ फॉर्मूला, ये आंकड़े बता रहे NDA की प्रंचड जीत की असली कहानी
Bihar Election 2025: बिहार की सियासत में महिलाओं को अब साइलेंट फोर्स की तरह देखा जा रहा है

राजनीति में जब जातीय समीकरण टूटते हैं, गठबंधन डगमगाते हैं। सत्ता के खिलाफ आंधी चलती है, तब यही महिला वोटर खामोशी से आती है, वोट डालती है और चुनाव की दिशा बदल देती है। नीतीश कुमार ने इसे समझा और लाभार्थी को भागीदार के मॉडल में बदल दिया। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली ऐतिहासिक विजय के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में जिस ‘M-Y फॉर्मूले’ का जिक्र किया, उसने पूरी चुनावी बहस ही बदल दी। लंबे समय तक बिहार की राजनीति में ‘M-Y’ यानी मुस्लिम-यादव वोट बैंक को निर्णायक माना जाता रहा, लेकिन इस बार मैदान में उतरा एक बिल्कुल नया समीकरण महिला और यूथ, जिसने रुझान ही बदल दिया।

नतीजों की दिशा बदलने वाली 'साइलेंट फोर्स'

दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव में इस बार बिहार में कुल मतदान 66.91 प्रतिशत रहा जो 1951 के बाद से राज्य में अब तक का सबसे ज्यादा है। पहले चरण में जहां 61.56 फीसदी पुरुषों ने वोट डाला, वहीं महिलाओं की वोटिंग 69.04 प्रतिशत रही। दूसरे चरण में 64.1 फीसदी पुरुषों के मुकाबले 74.03 फीसदी महिलाओं ने वोट डाले। 2020 में महिला वोटिंग का प्रतिशत 59.69 था। यानी पिछली बार की तुलना में इस बार करीब 10 फीसदी से अधिक महिलाओं ने वोट दिये हैं। महिला मत प्रतिशत में 10 फीसदी के उछाल से चुनावी नतीजों में बड़े परिवर्तन दिखाया।

43 लाख ज्यादा महिलाओं ने किया वोट

इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में कुल संख्याओं में भी महिलाएं आगे रहीं- 2.51 करोड़ महिलाओं ने वोट डाला, जबकि पुरुष मतदाता 2.47 करोड़ रहे, यानी महिलाओं ने पुरुषों से 4.34 लाख ज्यादा वोट डाले। 2020 के मुकाबले (जब 2.08 करोड़ महिलाओं ने वोट किया था), 2025 के चुनाव में 43 लाख ज्यादा महिलाओं ने मतदान किया। यह बढ़ोतरी पुरुष मतदाताओं की तुलना में भी अधिक है- पुरुष वोटिंग में 36 लाख की बढ़ोतरी दर्ज हुई (2020 में 2.11 करोड़ से बढ़कर 2025 में 2.47 करोड़)। 2020 के चुनाव में भी महिलाओं के उच्च टर्नआउट वाली 167 सीटों पर NDA ने 92 जीतीं, जो कुल जीत का 55% से अधिक था।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें