Anurag Thakur: 'चंदन लगाकर मंगलवार के दिन मछली...'; पश्चिम बंगाल में 'माछ भात' खाने को क्यों मजबूर हुए अनुराग ठाकुर? BJP सांसद के वीडियो पर सियासी बवाल

Anurag Thakur Eating Fish: पश्चिम बंगाल की खान-पान संस्कृति के अभिन्न अंग झालमुड़ी और मछली चुनाव प्रचार के तेज होने के साथ ही तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी के बीच राजनीतिक खींचतान का हिस्सा बन गए हैं। इस बीच, 'माछ भात' खाने का BJP सांसद अनुराग ठाकुर का एक वीडियो सामने आने पर बवाल मच गया है। ममता बनर्जी की पार्टी हमलावर हो गई है

अपडेटेड Apr 22, 2026 पर 12:09 PM
Story continues below Advertisement
Anurag Thakur Eating Fish: BJP सांसद अनुराग ठाकुर का 'माछ भात' का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है

Anurag Thakur Eating Fish: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण के प्रचार के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद अनुराग ठाकुर को मछली और चावल का आनंद लेते देखा गया। इसके ज़रिए BJP ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उस आरोप का खंडन करने की कोशिश की है कि अगर भगवा पार्टी सत्ता में आई, तो वह बंगाल में मछली खाने पर बैन लगा देगी। ठाकुर का वीडियो सामने आने के बाद सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस (TMC), आम आदमी पार्टी (AAP) और समाजवादी पार्टी (SP) के नेताओं ने बीजेपी पर निशाना साधा है।

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अनुराग ठाकुर का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "मंगलवार के दिन माथे पर तिलक लगाकर नॉन-वेज खा रहे हैं यह 'नेपो किड'? सिर्फ वोटों के लिए, ये लोग हनुमान जी का अपमान करने को तैयार हैं?"

वहीं, AAP नेता संजीव झा ने X पर लिखा, "ये है अनुराग ठाकुर, हिमाचल के बीजेपी के बड़े नेता और केंद्र में मंत्री। और देखिए किस तरह से भगवा पहनकर, चंदन लगाकर मंगलवार के दिन मछली खा रहे हैं! ​ये वही लोग हैं जो दिल्ली और अन्य शहरों में मांस-मछली की दुकानें बंद कराते फिरते हैं।"


वहीं, TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने भी अनुराग ठाकुर का वीडियो शेयर करते हुए चुटकी ली। उन्होंने X पर लिखा, "नमस्ते अनुराग ठाकुर, आपको बंगाल में मछली का आनंद लेते हुए देखकर अच्छा लगा। चिंता न करें यह कोई 'फैंटालैंड' नहीं है। आप यहां हुगली नदी में क्रूज का मजा भी ले सकते हैं और बिना गिरफ्तार हुए मछली भी खा सकते हैं।"

इसे लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "तस्वीरें तो पर्दाफाश करती हैं। वो अक्सर बेनकाब करती हैं। 'वचन और चलन का भेद' ही भाजपाइयों की गुप्त पहचान का खुला राज है।"

अनुराग ठाकुर का वीडियो वायरल

अनुराठ ठाकुर और बंगाल के BJP नेताओं को चावल के साथ 'शोरशे माछ' (सरसों वाली मछली) खाते हुए वीडियो वायरल हो गया है। इसके बाद बंगाल का यह मुख्य भोजन मौजूदा राजनीतिक मुकाबले में केंद्र बिंदु बन गया है। BJP की राज्य इकाई मतदाताओं को यह भरोसा दिलाने की कोशिश कर रही है कि पार्टी पारंपरिक खान-पान की आदतों खासकर मछली का विरोध नहीं करती, जिसका बंगाल में सांस्कृतिक महत्व है।

कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए ठाकुर ने कहा, "हम मांस, मछली और चावल खा रहे हैं। BJP 16 राज्यों में शासन करती है और NDA 20 राज्यों में सत्ता में है। लेकिन कहीं भी खान-पान, बोलने या पूजा-पाठ की आजादी पर कोई पाबंदी नहीं है।" उन्होंने ममता बनर्जी पर मतदाताओं के बीच डर फैलाने का आरोप लगाया।

क्यों मछली खाने को मजदूर हुए ठाकुर?

यह विवाद तब शुरू हुआ जब सीएम ममता बनर्जी ने एक चुनावी रैली में चेतावनी दी थी कि अगर पश्चिम बंगाल में BJP की सरकार बनी तो वह मछली, मांस और अंडे खाने पर रोक लगा देगी। उन्होंने पार्टी पर वोटरों को बांटने और स्थानीय परंपराओं को कमजोर करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

इसके जवाब में BJP नेताओं ने बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान सबके सामने मछली खाकर इस बात का जवाब देने की कोशिश की। सुवेंदु अधिकारी और सुकांत मजूमदार सहित राज्य के वरिष्ठ नेताओं को भी 'माछ भात' खाते हुए देखा गया। इसके अलावा कई बीजेपी उम्मीदवार मछली हाथ में लेकर प्रचार करते देखे गए। इससे मतदान से बंगाल में मछली एकराजनीतिक मुद्दा बन गया है।

ममता का भी आया बयान

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को तीखा बयान देते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री मछली खाना चाहते हैं, तो वह खुद उनके लिए इसे पका देंगी। बंगाल की खान-पान संस्कृति के अभिन्न अंग झालमुड़ी और मछली, चुनाव प्रचार के तेज होने के साथ ही तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच राजनीतिक खींचतान का हिस्सा बन गए हैं। TMC का आरोप है कि BJP सत्ता में आने पर मछली, मांस और अंडे खाने पर प्रतिबंध लगा देगी।

ये भी पढ़ें- Bike Ban in Bengal: पश्चिम बंगाल में बाइक बैन को ममता बनर्जी ने बनाया बड़ा चुनावी मुद्दा, आखिर ECI ने क्या आदेश दिया है जिस पर मच गया बवाल

खबरों के मुताबिक, प्रधानमंत्री शाकाहारी हैं। यह घटना तब सामने आई जब प्रधानमंत्री मोदी रविवार को झाड़ग्राम में अपने चुनावी अभियान के दौरान एक सड़क किनारे की साधारण सी दुकान से झालमुड़ी खरीदने के लिए रुके। इस घटना ने कड़े मुकाबले वाले चुनावों में एक नया रंग भर दिया, जिस पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे नाटक करार दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।