West Bengal Elections 2026: पिछले कुछ दिनों से महान टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस के राजनीति में नई पारी शुरू करने को लेकर सियासी अटकलें तेज हैं। इस बीच, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, टेनिस के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने पश्चिम बंगाल की सक्रिय राजनीति में कदम रखने की अटकलों के बीच कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है। एक होटल में हुई इस मुलाकात के बाद यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि पेस जल्द ही भगवा पार्टी का दामन थाम सकते हैं।
इतना ही नहीं वह आगामी बंगाल चुनाव में मैदान में उतर सकते हैं। 'इंडिया टुडे' की एक रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मंगलवार (24 मार्च) को कोलकाता के एक होटल में हुई इस बैठक में बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक सकारात्मक रही। बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर न तो पेस और न ही BJP की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
इससे कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि डेविस कप के पूर्व स्टार खिलाड़ी बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले राजनीति में अपनी भूमिका तलाश रहे हैं। यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पेस का पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़ाव रहा है। अक्टूबर 2021 में वह गोवा में TMC में शामिल हुए थे, जहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था। सीएम ने उन्हें छोटे भाई जैसा बताया था।
हालांकि, रिपोर्ट में बताया गया है कि बाद में जनवरी 2022 में घोषित पार्टी की 69 सदस्यीय गोवा राज्य समिति से पेस को बाहर कर दिया गया था। इससे पार्टी के भीतर उनकी भूमिका पर सवाल उठने लगे थे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही पेस और BJP के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई इस कथित बैठक ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।
नितिन नवीन फिलहाल दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता में हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को मजबूत करना है। पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे। जबकि वोटों की गिनती 4 मई को निर्धारित है।
कोलकाता में है नितिन नवीन
नितिन नवीन ने अगले महीने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को और मजबूत करने के लिए मंगलवार को कोलकाता में कई संगठनात्मक और रणनीतिक बैठके कीं। BJP की राज्य इकाई के सूत्रों ने बताया कि मंगलवार से शुरू हुई नवीन की दो दिवसीय बंगाल यात्रा महज एक नियमित संगठनात्मक समीक्षा के लिए नहीं है। बल्कि यह राज्य में BJP की चुनाव प्रचार रणनीति को नया रूप देने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा किए जा रहे व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।
सूत्रों के मुताबिक BJP अध्यक्ष ने पार्टी की डिजिटल पहुंच, सोशल मीडिया रणनीति और जमीनी स्तर के संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करने के लिए दिन भर राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई उच्च स्तरीय बैठकों की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि नवीन ने चुनाव से पहले अभियान के संदेश को आकार देने के लिए पार्टी के विमर्श और संवाद टीम के साथ भी चर्चा की।
पार्टी नेताओं के मुताबिक नवीन ने राज्य के शीर्ष नेताओं और वरिष्ठ संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में बातचीत की। इससे यह संकेत मिलता है कि BJP नेतृत्व राज्य में सत्ता हासिल करने के अपने प्रयास में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बीजेपी अध्यक्ष का जोर बूथ स्तर के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, सूक्ष्म स्तर की योजना को और बेहतर बनाने और पार्टी के चुनाव प्रचार में स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने पर है।