Bengal Election 2026: बंगाल चुनाव लड़ना चाहती हैं आरजी कर रेप केस पीड़िता की मां, BJP से मिला टिकट का ऑफर

West Bengal Assembly elections 2026: कोलकाता के RG Kar मेडिकल कॉलेज की पीड़िता की मां ने राजनीति में आने और आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का इरादा जाहिर किया है। उन्हें उत्तर 24 परगना के पनिहाटी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ाए जाने की संभावना है

अपडेटेड Mar 19, 2026 पर 4:45 PM
Story continues below Advertisement
West Bengal elections 2026: दिवंगत डॉक्टर की मां ने कहा कि उन्हें पनिहाटी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ाए जाने की संभावना है

West Bengal Assembly elections 2026: कोलकाता के आरजी कर अस्पताल रेप मामले की पीड़िता की मां ने गुरुवार (19 मार्च) को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार के रूप में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं। उनका उद्देश्य तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार को हटाने के लिए राजनीतिक मार्ग अपनाना है। अगस्त 2024 में कोलकाता में स्थित सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार हॉल में 31 वर्षीय डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या के मामले ने देशव्यापी आक्रोश पैदा कर दिया था।

घटना के विरोध में राज्य भर में डॉक्टरों और नागरिक समाज समूहों द्वारा लंबे समय तक प्रदर्शन किए गए थे। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक दिवंगत डॉक्टर की मां ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि उन्हें उत्तर 24 परगना के पनिहाटी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ाए जाने की संभावना है। बीजेपी की तरफ से जल्द ही जारी की जाने वाली उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में उनका नाम शामिल हो सकता है। पीड़िता की मां ने कहा कि उन्हें पहले बीजेपी से प्रस्ताव मिला था। लेकिन उस समय वह मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं।

उन्होंने कहा, "मुझे बहुत पहले BJP से (चुनाव लड़ने का) प्रस्ताव मिला था। लेकिन तब मैं मानसिक रूप से तैयार नहीं थी। कल मैंने इसे स्वीकार करने और चुनाव लड़ने का फैसला किया क्योंकि मैं गृह मंत्री के शासन को समाप्त करना चाहती हूं।" उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए यह बात कही, जिनके पास गृह विभाग का प्रभार भी है।


पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने उनकी बेटी के मामले में जांच और न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, "मैं अपनी बेटी के लिए न्याय सुनिश्चित करने और इस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए राजनीति में प्रवेश कर रही हूं।" BJP नेता अर्जुन सिंह ने हाल ही में पीड़ित डॉक्टर के माता-पिता से मुलाकात की थी।

शुभेंदु अधिकारी ममता को देंगे टक्कर

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को दक्षिण कोलकाता की बहुचर्चित भवानीपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस सीट पर उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है। शुभेंदु सुबह कोलकाता पहुंचे। फिर चकबेरिया रोड की ओर रवाना हुए। यहां उन्होंने बीजेपी के भवानीपुर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया और एक रैली निकाली।

ये भी पढ़ें- West Bengal poll: कौन हैं 'टेंपल मैन' यासीन पठान? पश्चिम बंगाल चुनाव का बहिष्कार करने की दी धमकी

उन्होंने चुनाव प्रचार के अपने पहले दिन पत्रकारों से कहा कि रैली में लोगों की प्रतिक्रिया से उन्हें काफी हौसला मिला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छोटे दुकानदारों ने मुख्यमंत्री के भतीजे द्वारा उत्पीड़न की शिकायत की। शुभेंदु का इशारा तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर था। चकबेरिया रोड इलाके में दोनों दलों के समर्थकों की भारी भीड़ जमा होने से कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।