West Bengal elections 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 111 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। हिंगलगंज सीट से रेखा पात्रा को चुनावी मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा निसिथ प्रमाणिक माथाभांगा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, शंकर अधिकारी चोपड़ा से, कौस्तव बागची बैरकपुर से, अरूप चौधरी कमरहाटी से, रेखा पात्रा हिंगलगंज से, रूपा गांगुली सोनारपुर दक्षिण से, प्रियंका टिबरेवाल एंटली से और तपस रॉय मानिकतला से बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।
इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल चुनावों के लिए 253 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इससे पहले भगवा पार्टी ने पश्चिम बंगाल चुनावों के लिए 142 उम्मीदवारों के नामों वाली पहली लिस्ट जारी की थी। बंगाल चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा। जबकि वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। मतगणना तमिलनाडु, केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश (UT) पुडुचेरी के साथ ही होगी।
इस बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को दक्षिण कोलकाता की बहुचर्चित भवानीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस सीट पर उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा, "मैं 25,000 मतों के अंतर से जीतूंगा। जनता ने आज दिखा दिया है कि यहां कोई चुनौती नहीं है।"
बीजेपी नेता ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, "घुसपैठियों और भ्रष्टाचार की नेता को हराना होगा।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छोटे दुकानदारों ने मुख्यमंत्री के भतीजे द्वारा उत्पीड़न किये जाने की शिकायत की है। शुभेंदु का इशारा तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर था।
उन्होंने कहा, "छोटे दुकानदारों, चालकों और आम लोगों ने मुझे बताया है कि वे तृणमूल के अत्याचारों से आजिज आ चुके हैं। चैत्र नवरात्र के पहले दिन के पावन अवसर पर, मैंने केवल एक ही लक्ष्य के साथ चुनाव प्रचार शुरू किया है कि तृणमूल को हराना ही होगा।" चकबेरिया रोड इलाके में दोनों दलों के समर्थकों की भारी भीड़ जमा होने से कुछ समय के लिए तनाव व्याप्त हो गया।
BJP कार्यकर्ताओं ने शुभेंदु के आने का जश्न मनाया। वहीं तृणमूल समर्थकों ने 'जय बांग्ला' और 'ममता बनर्जी जिंदाबाद' जैसे नारे लगाए। कोलकाता पुलिस के कर्मियों को भारी संख्या में तैनात किया गया था। वे दोनों दलों के समर्थकों को अलग-अलग करने और किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए वहां मुस्तैद थे।
शुभेंदु भवानीपुर पुलिस थाने भी गए और आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं को धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी रैली को प्रतिबंधित किया गया या पार्टी कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया, तो वह धरना देंगे।
दो सीटों से चुनाव लड़ने के उनके फैसले के बारे में पूछे जाने पर BJP नेता ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने मुझे दोनों जगहों से चुनाव लड़ने का निर्देश दिया है। मैं नंदीग्राम से काफी मतों के अंतर से जीतूंगा और यहां (भवानीपुर) भी ममता बनर्जी को हरा दूंगा।"