भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में पहली बार सत्ता हासिल करने के करीब दिख रही है। VoteVibe के एग्जिट पोल के मुताबिक, इससे ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस का 15 साल पुराना राज खत्म हो सकता है। CNN-News18 के इस Mega एग्जिट पोल के अनुसार, 294 सीटों वाली विधानसभा में BJP को 143 से 163 सीटें मिल सकती हैं, जबकि TMC को 127 से 147 सीटें मिलने का अनुमान है। सरकार बनाने के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है, यानी मुकाबला बहुत कड़ा है।
वोट शेयर की बात करें तो BJP को 44% और TMC को 43% वोट मिलने का अनुमान है, यानी दोनों के बीच बहुत ही करीबी टक्कर हो सकती है।
इसका मतलब है कि पहले चरण में BJP ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया, खासकर उत्तर बंगाल और कुछ ऐसे इलाकों में जहां पहले से उसकी पकड़ मजबूत मानी जाती है।
वहीं दूसरे चरण में TMC ने अच्छा प्रदर्शन किया, खासकर दक्षिण बंगाल और कोलकाता में, लेकिन फिर भी वह BJP को पूरी तरह चुनौती नहीं दे पा रही है।
अलग-अलग इलाकों में किसका जोर?
इलाके के हिसाब से बात करें तो इस एग्जिट पोल के मुताबिक, प्रेसिडेंसी इलाके में अब भी ममता बनर्जी की दबदबा कायम दिख रहा है, क्योंकि वहां TMC 63-69 सीटें जीत सकती है। जबकि बीजेपी को यहां 38-44 सीट मिलने की उम्मीद है।
वहीं बर्धमान इलाके में BJP बाजी मारती दिख रही है और यहां उसे 17-21 सीटों पर जीत मिल सकती है। हालांकि, TMC यहा भी टक्कर पूरी दे रही है और उसे 13-17 सीटें मिल सकती हैं।
अगर पिछले चुनाव की बात करें, तो 2021 में TMC ने 215 सीटें जीतकर 48% वोट हासिल किए थे, जबकि BJP को 77 सीटें और 38% वोट मिले थे।
क्या कहते हैं बंगाल के बाकी एग्जिट पोल?
इस बार कई एग्जिट पोल BJP की जीत की भविष्यवाणी कर रहे हैं, हालांकि सीटों के आंकड़े अलग-अलग हैं। सिर्फ दो सर्वे- People’s Pulse और JVC ने TMC की वापसी की बात कही है।
वहीं Today's Chanakya ने तो BJP को बड़ी जीत देते हुए 192 सीटें तक मिलने का अनुमान लगाया है, जो सबसे ज्यादा है।
अगर ये अनुमान सही साबित होते हैं, तो यह बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव होगा, क्योंकि यहां पहले कभी BJP की सरकार नहीं बनी है।
इससे BJP के लिए एक नया दौर शुरू होगा, खासकर उस राज्य में जहां वह अब तक सत्ता से बाहर रही है। साथ ही, यह TMC के 15 साल के शासन का अंत भी हो सकता है। इससे पहले बंगाल में 34 साल तक वामपंथी सरकार रही थी।
ममता बनर्जी के लिए यह हार बड़ा झटका होगी, क्योंकि उनकी पार्टी की मौजूदगी बंगाल के बाहर बहुत कम है। इससे विपक्षी दलों की राजनीति पर भी असर पड़ सकता है, जो उन्हें BJP के खिलाफ एक मजबूत चेहरे के तौर पर देख रहे थे।
हालांकि, एग्जिट पोल हमेशा सही नहीं होते, और कुछ सर्वे अभी भी TMC की जीत बता रहे हैं। इसलिए असली नतीजा 4 मई को वोटों की गिनती के बाद ही साफ होगा।