ये वीकेंड फिल्म लवर्स के लिए रॉमकॉम का गुलदस्ता लेकर आ रहा है। थिएटर में Metro In Dino अभी चल रही है और Aap Jaisa Koi के साथ ही Aankhon Ki Gustaakhiyan फिल्में रिलीज हो रही है। वैसे बात करें फातिमा सना शेख और आर माधवन स्टारर आप जैसा कोई फिल्म की, तो इसमें दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया जा रहा है। ये ऊपर बताई गई सभी फिल्मों में सबसे अलग है। अब आप जानना चाहेंगे कि इसमें ऐसी क्या खास बात है। यह फिल्म अरेंज मैरिज के जटिल मुद्दे पर आधारित है। लेकिन इसमें आपको नयापन महसूस होगा।
जैसे जीनत अमान पर फिल्माया गया नाजिया हसन का गाना सबसे अलग था, जिस पर फिल्म का टाइटिल रखा गया है। उसी तरह इस फिल्म का सब्जेट आम होकर भी खास है। यह वुमनहुड, औरत की पसंद और उसकी सेंसुएलिटी की परतें खोलती है। फिल्म के निर्देशक विवेक सोनी अपने कम्फर्ट जोन अरेंज/असिस्टेड मैरिज में लौटे हैं। मगर यह फिल्म उनकी इस तरह के सब्जेट पर बनी पिछली फिल्म मीनाक्षी सुंदरेश्वर से अलग है, जिसमें लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप की उथल-पुथल को परदे पर पेश किया था।
आप जैसा कोई श्रीरेणु त्रिपाठी (आर माधवन) और मधु बोस (फातिमा सना शेख) के इर्द-गिर्द घूमती है। 42 साल के श्रीरेणु जमशेदपुर के एक स्कूल में संस्कृत के टीचर हैं और कुंवारे हैं। श्री (फिल्म में प्यार से उन्हें यही बुलाते हैं) मानते हैं कि वह अपनी क्लासमेट राखी का श्राप लगा है। फिल्म में एक दिलचस्प कैरेक्टर है श्री की भाभी कुसुम का। वह उसके लिए सही लाइफपार्टनर ढूंढने पर अड़ी हुई।
कुसुम के पड़ोसी जॉय अपनी 32 साल की भतीजी मधु के बारे में बात छेड़ते हैं। मधु कोलकाता में फ्रेंच पढ़ाती है। अब शुरू होती है फिल्म की असली कहानी। शर्मीले और इंट्रोवर्ट श्री उससे मिलने कोलकाता जाते हैं। मधु से मिलने के बाद श्री को समझ में आता है कि उनके बीच बहुत कुछ कॉमन है। इनकी शादी तय हो जाती है, मगर इंगेजमेंट वाले दिन एक सेक्स चैट ऐप की वजह से सब बिगड़ जाता है।
1.55 घंटे की ये फिल्म धीरे-धीरे आगे बढ़ती है, मगर कहीं भी उबाऊ या अटकी नहीं लगती है। कहानी में एक ठहराव है और यही इसकी खूबसूरती भी है। फातिमा मधु के रोल में अट्रैक्टिव लग रही हैं और आर माधवन तो कमाल के एक्टर हैं ही। जस्टिन प्रभाकरन और रोचक कोहली ने फिल्म के गाने लिखे हैं। आर माधवन का लुक और स्टाइल तनु वेड्स मनु के मनु की याद दिलाते हैं। उनकी आँखें खूब बातें करती हैं और फातिमा सना शेख के साथ उनकी केमिस्ट्री कमाल की है।