Prem Chopra: दिग्गज एक्टर प्रेम चोपड़ा की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुए भर्ती

Prem Chopra: बॉलीवुड की फिल्मों में विलेन का किरदार निभाने वाले प्रेम चोपड़ा की तबीयत बिगड़ गई है। तबीयत बिगड़ने की वजह से प्रेम चोपड़ा को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रेम चोपड़ा के परिवार ने इसके बारे में जानकारी दी है

अपडेटेड Nov 10, 2025 पर 8:46 PM
Prem Chopra: इस हफ्ते की शुरुआत में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया

Prem Chopra: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर प्रेम चोपड़ा को लेकर बड़ी खबर आ रही है। बॉलीवुड की फिल्मों में विलेन का किरदार निभाने वाले प्रेम चोपड़ा की तबीयत बिगड़ गई है। तबीयत बिगड़ने की वजह से प्रेम चोपड़ा को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 90 साल के प्रेम चोपड़ा  को इस हफ्ते की शुरुआत में तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया। एक्टर के दामाद ने इस खबर की पुष्टि की है।

 


अस्पताल में हुए भर्ती

इंडिया टुडे से बातचीत में प्रेम चोपड़ा के दामाद विकास भल्ला ने बताया कि उनके ससुर मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। विकास ने आगे कहा, "यह सब उम्र से जुड़ी दिक्कतें हैं और एक रेगुलर प्रोसीजर है। चिंता की कोई बात नहीं है।" हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सम्मानित कलाकारों में से एक, प्रेम चोपड़ा ने अपने छह दशक लंबे करियर में 380 से अधिक फिल्मों में काम किया है।

इन फिल्मों में आ चुके हैं नजर

प्रेम चोपड़ा हिंदी सिनेमा के उन दिग्गज अभिनेताओं में से हैं, जिन्होंने पर्दे पर विलेन के किरदारों से अपनी अलग पहचान बनाई। प्रेम चोपड़ा को पहचान फिल्म ‘वो कौन थी?’ (1964) से मिली, जहां उनके दमदार एक्टिंग की काफी तारीफ की गई। इसके बाद ‘तीसरी मंजिल’(1966), ‘उपकार’(1967) और ‘दो रास्ते’ (1969) जैसी हिट फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड में एक बेहतरीन विलेन के तौर पर स्थापित कर दिया। दूसरे खलनायकों से अलग, प्रेम चोपड़ा अपने किरदारों में एक अलग अंदाज और सादगी लेकर आते थे। उनकी धीमी आवाज और हल्की मुस्कान उनके रोल को और भी असरदार बना देती थी। फिल्म ‘बॉबी’ (1973) में उनका मशहूर डायलॉग “प्रेम नाम है मेरा, प्रेम चोपड़ा” आज भी बॉलीवुड के सबसे यादगार डायलॉग्स में गिना जाता है।

1970 और 1980 के दशक में प्रेम चोपड़ा लगातार हिंदी फिल्मों का हिस्सा रहे और उन्होंने राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। अपने लंबे करियर में उन्होंने 380 से ज्यादा फिल्मों में काम किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।