Ikkis मेगास्टार अमिताभ बच्चन के नाती और श्वेता बच्चन के बेटे अगस्त्य नंदा की फिल्म ‘इक्कीस’ के रिलीज होने का इंतजार उनका परिवार ही नहीं पूरी फिल्म इंडस्ट्री कर रही है। संयोग से ये दिवंगत स्टार धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म भी थी। इसलिए उनका परिवार भी इस फिल्म को पर्दे पर देखने को आतुर है। लेकिन इन सबकी उम्मीदों पर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की छप्परफाड़ कामयाबी ने पानी फेर दिया है। इस फिल्म की सक्सेस को देखते हुए ‘इक्कीस’ के मेकर्स ने इसे अभी रिलीज नहीं करने का फैसला किया है। अगस्त्य नंदा और धर्मेंद्र की ये फिल्म पहले 25 दिसंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। यह फिल्म अब नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी, 2026 को रिलीज होगी।
फिल्म के मेकर्स ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए ट्वीट किया है। मेकर्स ने लिखा,
‘भारत के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता, सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की सच्ची कहानी। कुछ हीरो कम उम्र में ही शहीद हो जाते हैं। सिनेमाघरों में साहस का अनुभव करें। #इक्कीस 1 जनवरी 2026 को रिलीज हो रही है।’ #इक्कीस का फाइनल ट्रेलर इस वीकेंड सिनेमाघरों में आ रहा है। दिग्गज डायरेक्टर श्रीराम राघवन की पहली वॉर फिल्म में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। भारत के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता, सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की सच्ची कहानी। कुछ हीरो शहीद हो जाते हैं… pic.twitter.com/PjmNDQfgUL — Maddockfilms (@MaddockFilms) December 17, 2025
पहले भी खेल चुके हैं ऐसा दांव
वैसे बता दें, यह पहली बार नहीं है जब दिनेश विजान ने अपनी फिल्म की रिलीज डेट बदली है। इससे पहले उन्होंने 2017 में, ‘बाहुबली 2’ की रिलीज डेट तय होने के बाद अपनी फिल्म ‘हिंदी मीडियम’ की रिलीज डेट बदल दी थी। इसकी वजह से इनकी फिल्म को एक अच्छी, बिना किसी रुकावट वाली रिलीज मिली थी। इसी तरह, 2024 में उन्होंने ‘पुष्पा 2’ के साथ सीधे टकराव से बचाने के लिए अपनी फिल्म ‘छावा’ की रिलीज पोस्टपोन कर दी थी। 2025 में एक साफ थिएट्रिकल विंडो मिलने से इस फिल्म को काफी फायदा हुआ था।
25 दिसंबर को रिलीज में क्या दिक्कत थी
क्रिसमस का हफ्ता बॉक्स ऑफिस पर पहले से ही भीड़भाड़ वाला समय होने वाला है। ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में अपना दबदबा बनाए हुए है और उसके धीमे होने के कोई संकेत नहीं हैं, जबकि हॉलीवुड की बड़ी फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ 19 दिसंबर, 2025 को भारत में बड़े पैमाने पर रिलीज होने वाली है। दोनों फिल्मों के स्क्रीन और प्राइम शो पर बने रहने की उम्मीद है, ऐसे में 25 दिसंबर को रिलीज होने का मतलब ‘इक्कीस’ के लिए सीमित शोकेसिंग होता।
नए साल में रिलीज से होगा फायदा
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ अगर 1 जनवरी, 2026 को रिलीज होगी तो इसे सोलो रिलीज विंडो और मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन पर बेहतर पहुंच मिलेगी। इस फिल्म का फाइनल ट्रेलर इसी हफ्ते 19 दिसंबर, 2025 को रिलीज किया जाएगा। दिनेश विजान और मैडॉक फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत, इक्कीस को श्रीराम राघवन ने डायरेक्ट किया है। यह फिल्म दर्शकों के लिए और भी खास है क्योंकि यह धर्मेंद्र की आखिरी ऑन-स्क्रीन अपीयरेंस है।