Salman Khan-Aishwarya Rai: 'मुझे ऐश्वर्या राय को सलमान खान से सेफ रखने के लिए हायर किया गया था', पूर्व बॉडीगार्ड का बड़ा खुलासा

Salman Khan-Aishwarya Rai: ऐश्वर्या राय के बॉडीगार्ड रहे केतन करंडे ने एक फिल्म सेट की घटना को याद करते हुए दावा किया है कि उन्हें खास तौर पर सलमान खान से ऐश्वर्या राय की सुरक्षा के लिए रखा गया था। केतन ने ये भी बताया कि उन्होंने फिर नौकरी क्यों छोड़ दी।

अपडेटेड Nov 21, 2026 पर 11:01 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सलमान खान और ऐश्वर्या राय ने संजय लीला भंसाली की फिल्म हम दिल दे चुके सनम (1999) में स्क्रीन स्पेस साझा किया था।

Salman Khan-Aishwarya Rai: ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन का रिश्ता 2000 के दशक की शुरुआत से है, जब दोनों कलाकारों ने रोहन सिप्पी की फिल्म 'कुछ ना कहो' में साथ काम किया था। कहा जाता है कि उनका यह प्रोफेशनल साथ सलमान खान को पसंद नहीं आया था। जर्निलिस्ट कावेरी बमजई ने अपनी किताब 'द थ्री खान्स एंड द इमर्जेंस ऑफ न्यू इंडिया' में इस बात का जिक्र किया है कि ऐश्वर्या के अभिषेक के साथ काम करने पर सलमान को आपत्ति थी। उस दौरान ऐश्वर्या के बॉडीगार्ड रहे केतन करंडे ने फिल्म की शूटिंग के समय का एक किस्सा याद करते हुए दावा किया है कि उन्हें खास तौर पर ऐश्वर्या की सलमान से सुरक्षा के लिए रखा गया था।

बॉडीगार्ड ने किया बड़ा खुलासा

यूट्यूब चैनल 'आर्ट मीडिया एंटरटेनमेंट' को दिए एक हालिया इंटरव्यू में बॉडीगार्ड केतन करंडे ने कहा- "एक समय मैं ऐश्वर्या राय का बॉडीगार्ड था। मुझे सलमान खान की वजह से रखा गया था। मुझे सात दिनों के लिए काम पर रखा गया था ताकि मैं उन्हें सलमान से सुरक्षित रख सकूं।"


जब उनसे पूछा गया कि क्या सलमान को पता था कि उन्हें ऐश्वर्या का बॉडीगार्ड नियुक्त किया गया है तो केतन ने कहा कि उन्हें पक्का नहीं पता। लेकिन उन्होंने आगे कहा- "शायद सलमान जी को पता होगा अब तो बहुत साल बीत गए हैं।" उन्होंने बताया कि उन्हें लगभग दो दशक पहले काम पर रखा गया था, ठीक उसी समय जब सलमान और ऐश्वर्या के रिश्ते और उनके बाद हुए ब्रेकअप की खबरें सुर्खियों में थीं।

केतन ने यह भी बताया कि उनकी जिम्मेदारी ऐश्वर्या को फिल्म सेट तक ले जाना और वापस छोड़ना था। एक बार वह ऐश्वर्या के साथ एक फैशन शो में गए थे और उन्हें ले जाते समय तय प्रोटोकॉल का पालन कर रहे थे। लेकिन इवेंट से लौटते समय अचानक उनका सामना सलमान खान से हो गया।

केतन ने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला किया। अपने इस फैसले के बारे में उन्होंने कहा कि वह सलमान और ऐश्वर्या दोनों के प्रशंसक थे और उनके निजी मामलों के बीच में नहीं पड़ना चाहते थे। उसी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा- "वाह पर ही वैसे ही मैडम को घर से लिया गाड़ी में बैठे और चल पड़े। अब शो खत्म हुआ वहां से निकले तो सलमान खान साहब सामने थे। हम सब ऐसे डर गए कि क्या करना है।"

सलमान खान और ऐश्वर्या राय ने संजय लीला भंसाली की फिल्म हम दिल दे चुके सनम (1999) में स्क्रीन स्पेस साझा किया जो उनके सबसे चर्चित सहयोगों में से एक है। अपने रिश्ते के खत्म होने के बाद दोनों ने फिर कभी साथ काम नहीं किया। बाद में ऐश्वर्या ने अभिषेक बच्चन के साथ कुछ ना कहो (2003) में काम किया, उसके बाद उमराव जान और गुरु में काम किया।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।