Drishyam 3: 'दृश्यम 3' की सिनेमाघरों में दस्तक, 2026 में इंडियन फिल्मों के कलेक्शन को 10,000 करोड़ के पहुंचाएगी पार?

Drishyam 3: सलगांवकर परिवार अपने अंतिम सफर पर निकल चुका है। 'दृश्यम द कन्क्लूजन' इस फ्रैंचाइजी की आखिरी फिल्म होने वाली है। ये फिल्म 2026 के इंडियन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में अहम भूमिका निभा सकती है, कैसे चलिए बताते हैं।

अपडेटेड Oct 01, 2026 पर 5:26 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अजय देवगन की फिल्म के बाद सबकी निगाहें दिवाली पर रिलीज हो रही रणबीर कपूर, यश स्टारर 'रामायणम्' और दिसंबर में रिलीज होने वाली शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' पर हैं।

Drishyam 3: अजय देवगन की मल्टी स्टारर फिल्म 'दृश्यम द कन्क्लूजन' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार हैं। फिल्म ने अपनी एडवांस बुकिंग से 16.6 करोड़ का कलेक्शन किया है। वहीं अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म का ओपनिंग डे कलेक्शन 30 से 35 करोड़ के आसपास होगा। वहीं फिल्म 2026 में इंडियन बॉक्स ऑफिस की कुल कमाई में अच्छा खासा योगदान देगी।

दृश्यम 3' की एडवांस बुकिंग

इंडियन बॉक्स ऑफिस पर हलचल तेज हो गई है। अगस्त में रिकॉर्ड-तोड़ कमाई और सितंबर में कई बेहतरीन फिल्मों के बाद अब 'दृश्यम द कन्क्लूजन' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। इसकी एडवांस बुकिंग के आंकड़े जबरदस्त हैं। वहीं उम्मीद है कि यह फिल्म भी बड़ी हिट हो सकती है।


रिलीज से पहले किया करोड़ों का बिजनेस

अजय देवगन की 'दृश्यम द कन्क्लूजन' ने ओपनिंग डे की एडवांस बुकिंग में ही लगभग 16.6 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। फिल्म के 4.44 लाख टिकट बिक चुके हैं। लंबे ओपनिंग वीकेंड के लिए एडवांस सेल 28.51 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। यह फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे सक्सेसफुल थ्रिलर फ्रैंचाइजी में से एक का अंत भी है।

पहले और दूसरे पार्ट का कलेक्शन

2015 में रिलीज हुई 'दृश्यम' पार्ट 1 ने भारत में 76.16 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं 'दृश्यम 2' ने 2022 में बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी थी। दूसरे पार्ट ने 250.59 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। अब तीसरी फिल्म ऐसे समय में आ रही है, जब सिनेमाघरों के लिए ये दौरा काफी सफल चल रहा है। एक के बाद एक फिल्म हिट हो रही है।

मिर्जापुर द मूवी बॉक्स ऑफिस

सितंबर की शुरुआत 'मिर्जापुर द मूवी' जैसी हिट फिल्म के साथ हुई। एक्सेल एंटरटेनमेंट की पॉपुलर वेब फ्रेंचाइजी पर बेस्ड इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी और अली फजल लीड रोल में हैं। लगभग 90 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने 26 दिनों में दुनिया भर में 329.21 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया है। यह महीने की सबसे बड़ी सफल फिल्मों में से बनी है।

एवेंजर्स एंडगेम एनकोर बॉक्स ऑफिस

उम्मीद से कम ओपनिंग के बावजूद 'मार्वल की एवेंजर्स एंडगेम एनकोर' दर्शकों का मनोरंजन करने में पीछे नहीं है। इस री-रिलीज ने क्रिस्टोफर नोलन की 'इंटरस्टेलर' को पीछे छोड़ दिया है और भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड री-रिलीज बन गई है। अब तक लगभग 27.3 करोड़ रुपये की नेट कमाई करने के बाद यह फिल्म 'सनम तेरी कसम' के रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश कर रही है, जो 35.55 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड री-रिलीज बनी हुई है।

अगस्त में कई बड़ी फिल्में हुईं रिलीज

अगस्त में रिलीज हुई फिल्मों ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुछ 1768 करोड़ रुपये कमाए हैं, जिससे यह साल का सबसे अच्छा महीना और भारतीय बॉक्स ऑफिस के इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा महीना बन गया। इससे पहले ऐसी कमाई दिसंबर 2024 और दिसंबर 2023 में हुई थी। इस महीने की परफॉर्मेंस में 'हनुमान अंश', 'टॉक्सिक', 'इरुमुडी', 'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' और 'आवारापन 2' जैसी फिल्मों ने धूम मचाई है।

बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' ने किया चमत्कार

'हनुमान अंश' ने इतिहास रच दिया है। उम्मीद है कि यह अपनी लाइफटाइम डोमेस्टिक ग्रॉस कमाई लगभग 360 करोड़ रुपये तक पहुंचा लेगी। फिल्म सिर्फ 2 करोड़ के बजट में तैयार हुई थी। वहीं मलयालम ब्लॉकबस्टर 'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' इस साल की सबसे बड़ी रीजनल सफलताओं में से एक बनकर उभरी है और बॉक्स ऑफिस पर सभी भाषाओं के वर्जन में सबसे अधिक कमाई करने वाली मलयालम फिल्म बनने की कोशिश में लगी है।

मिड 2026 में पैन इंडिया का जलवा

अगस्त के टॉप-10 चार्ट में पैन-इंडिया फिल्मों में सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं। इसमें हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल और कन्नड़ भाषाओं की फिल्में शामिल थीं, जिसने बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में अहम योगदान दिया है। साल 2026 के सितंबर तक कुल डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 9,868 करोड़ रुपये का हुआ है, जो पिछले साल के मुकाबले 18 फीसद ज्यादा है। सिनेमा विशेषज्ञों का कहना है कि 'दृश्यम द कन्क्लूजन' इस आंकड़े को 10,000 के पार पहुंचा सकती हैं। इंडस्ट्री पूरे जोश के साथ फेस्टिव क्वार्टर में एंट्री करने के लिए तैयार है। अजय देवगन की फिल्म के बाद सबकी निगाहें दिवाली पर रिलीज हो रही रणबीर कपूर, यश स्टारर 'रामायणम्' और दिसंबर में रिलीज होने वाली शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' पर हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।