Border 2: सनी देओल की फिल्म 'बॉर्डर 2' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ये फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।अनुराग सिंह के निर्देशन में बन रही इस वॉर ड्रामा में सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी लीड रोल निभा रहे हैं। वहीं फिल्म का टीजर भी रिलीज हो चुका है। फिल्म के रिलीज होने से पहले इसे लेकर बड़ी खबर आ रही है। रिपोर्ट के अनुसार, अक्षय खन्ना, सुनील शेट्टी और सुदेश बेरी फिल्म 'बॉर्डर 2' में खास भूमिकाओं में नजर आएंगे, जो बॉर्डर फिल्म का भी हिस्सा थे। हाल ही में अक्षय खन्ना धुरंधर में नजर आए थे, इस फिल्म में उनके किरदार को काफी पसंद किया गया है।
जेपी दत्ता की 1997 में आई हिट फिल्म बॉर्डर में नजर आए, ये तीनों कलाकार बॉर्डर 2 छोटे लेकिन खास कैमियो रोल में नजर आएंगे। 'बॉर्डर 2' फिल्म की कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें देशभक्ति और जंग के हालात को नए नजरिए से दिखाया जाएगा।
सुनील शेट्टी-अहान दिखेंगे एक साथ
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, बॉर्डर 2 भी 1971 के इंडिया-पाकिस्तान वॉर के बैकग्राउंड पर सेट है, इसलिए ओरिजिनल फिल्म के किरदार यहां उम्र के हिसाब से फिट बैठते हैं। निर्देशक अनुराग और प्रोड्यूसर-राइटर निधि दत्ता को लगा कि 1997 की वॉर ड्रामा के यादगार किरदारों को लाने से यह एक यादगार एक्सपीरियंस बन जाएगा। इसी वजह से इस हिस्से को फिल्म में जोड़ा गया। कहानी में पुराने और नए किरदार 1971 की जंग शुरू होने से पहले एक इवेंट में मिलते नजर आएंगे। इसे एक बेहतरीन आइडिया माना जा रहा है, क्योंकि इससे न सिर्फ सुनील शेट्टी और अहान शेट्टी की पिता-पुत्र जोड़ी पहली बार स्क्रीन पर साथ दिखेगी, बल्कि दर्शकों को उस लोकप्रिय फिल्म की पुरानी यादें भी ताजा होंगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, "नवंबर में अक्षय खन्ना और सुदेश बेरी ने मुंबई में अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली थी। वहीं सुनील शेट्टी उस समय एक और प्रोजेक्ट में व्यस्त थे, जिसमें उनका लुक अलग था, इसलिए उनके सीन ग्रीन स्क्रीन पर शूट किए गए हैं और उन पर खास विजुअल इफेक्ट्स लगाए जाएंगे। मेकर्स का मकसद तीनों कलाकारों को उनके पुराने ‘बॉर्डर’ वाले लुक में, यानी कम उम्र का दिखाने का है।
जेपी दत्ता की फिल्म बॉर्डर में सनी देओल, अक्षय खन्ना, सुनील शेट्टी, सुदेश बेरी, कुलभूषण खरबंदा, पुनीत इस्सर और जैकी श्रॉफ जैसे बड़े कलाकार नजर आए थे। 1997 में रिलीज हुई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और आज भी भारत की सबसे अच्छी वॉर फिल्मों में मानी जाती है। इस फिल्म में अक्षय खन्ना ने धर्मवीर सिंह भाखरी, सुनील शेट्टी ने भैरो सिंह और सुदेश बेरी ने नायब सूबेदार मथुरा दास का किरदार निभाया था। कहानी के मुताबिक तीनों किरदार की मौत हो जाती हैं। अब ये कलाकार इसके सीक्वल बॉर्डर 2 में नजर आने वाले हैं, जिसे अनुराग सिंह डायरेक्ट कर रहे हैं।