Almighty Motion Picture: अलमाइटी मोशन पिक्चर की हालिया पेशकश मेड इन इंडिया – ए टाइटन स्टोरी इंडस्ट्री में चर्चा का केंद्र रही है। कंपनी ने प्रशंसित बिजनेस बेस्टसेलर “हर्ष रियलिटीज: द मेकिंग ऑफ मारिको” को पर्दे पर लाने की घोषणा की है, जिसमें मारिको के चेयरमैन और संस्थापक हर्ष मारीवाला की जर्नी को दिखाया जाएगा। यह बुक, जिसे वैश्विक स्तर पर सम्मानित बिजनेस रणनीतिकार राम चरण के साथ लिखा गया है, भारत की सबसे प्रशंसित कंपनियों में से एक की कहानी को दर्शाती है।
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब अलमाइटी मोशन पिक्चर वास्तविक जीवन की कहानियों पर आधारित अपने प्रोजेक्ट्स का विस्तार कर रही है। इस का विकास कार्य जल्द ही शुरू होगा, जिसके लिए फेमस और बहु-पुरस्कार विजेता लेखक करण व्यास को जोड़ा गया है, जो स्कैम 1992, स्कूप और मेड इन इंडिया – ए टाइटन स्टोरी जैसी चर्चित श्रृंखलाओं के लिए जाने जाते हैं।
यह प्रोजेक्ट, जो अभी प्रारंभिक विकास चरण में है, 1987 में हर्ष मारीवाला द्वारा पारंपरिक पारिवारिक व्यवसाय बॉम्बे ऑयल इंडस्ट्रीज लिमिटेड से अलग होकर मारिको की स्थापना के साहसिक निर्णय को केंद्र में रखेगा। यह कंपनी आगे चलकर एक वैश्विक एफएमसीजी शक्ति के रूप में उभरी।
“हर्ष रियलिटीज” केवल एक कॉर्पोरेट सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस दृढ़ता, जोखिम उठाने की क्षमता और रणनीतिक सोच को भी उजागर करती है, जिसने एक पारंपरिक व्यवसाय को एक पेशेवर रूप से संचालित वैश्विक उद्यम में बदल दिया। इस रूपांतरण का उद्देश्य मारिको की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ावों के साथ-साथ उन मानवीय पहलुओं को भी सामने लाना है, जिन्होंने इसके निर्णयों, चुनौतियों और नेतृत्व को आकार दिया।
वर्षों में, मारिको ने भारत के साथ-साथ एशिया और अफ्रीका के चुनिंदा उभरते बाजारों में अपनी मजबूत अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति स्थापित की है। कंपनी का वार्षिक कारोबार 10.8 अरब रुपये (लगभग 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर) से अधिक है। मारिको अपने ब्रांड पोर्टफोलियो—जैसे पैराशूट, सफोला, हेयर एंड केयर, पैराशूट एडवांस्ड, निहार नैचुरल्स, मेडिकर, रिवाइव, सेट वेट, लिवॉन, जस्ट हर्ब्स, ट्रू एलिमेंट्स, बीयर्डो और प्लिक्स—के माध्यम से हर तीन में से एक भारतीय के जीवन को प्रभावित करती है। कंपनी के कुल राजस्व का लगभग 25% उसके अंतरराष्ट्रीय कारोबार से आता है।
अलमाइटी मोशन पिक्चर की सह-संस्थापक प्रभलीन संधू ने कहा, “यह एक असाधारण कहानी है और हमें इसे बड़े पर्दे पर लाने का अवसर मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। लेखक करण व्यास ने कहा, “इतनी वास्तविक और प्रेरणादायक कहानी लिखने का अवसर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है। इस यात्रा का हिस्सा बनने के लिए मैं भगवान का आभारी हूं।”
अलमाइटी मोशन पिक्चर की सह-संस्थापक सुनीता विनोद व्यास ने कहा कि यह प्रोजेक्ट कंपनी के सार्थक भारतीय कहानियां प्रस्तुत करने के नजरिए के अनुरूप है। हम हमेशा महत्वपूर्ण भारतीय कहानियां बताना चाहते रहे हैं। मारीवाला जी की यात्रा अत्यंत प्रेरणादायक है, और इसे सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करना हमारे लिए सम्मान की बात है।”
हर उद्यमशील यात्रा में ऐसे कई पल होते हैं जो सुर्खियों में नहीं आते—संदेह, लंबी रातें, और वे निर्णय जो चुपचाप व्यवसाय की दिशा तय करते हैं। हर्ष रियलिटीज” इन्हीं अनुभवों से जन्मी है। इसका उद्देश्य यह ईमानदारी से बताना था कि समय के साथ कुछ निर्माण करने में क्या लगता है। किसी कंपनी का निर्माण दृढ़ता, अनुशासन और अनिश्चितताओं के बीच स्थिर रहने की क्षमता की मांग करता है—यह वह वास्तविकता है जिसे अधिकांश संस्थापक गहराई से समझते हैं। इस पुस्तक को अलमाइटी मोशन पिक्चर द्वारा एक नए रूप में ढलते देखना कहानी को एक नया आयाम देता है। सिनेमा इस यात्रा को शब्दों से परे जाकर अनुभव करने का अवसर प्रदान करता है। यह एक व्यापक बदलाव को भी दर्शाता है। भारत की उद्यमशील यात्राओं और उन संस्थानों की कहानियों में रुचि बढ़ रही है, जो देश की आर्थिक संरचना को निरंतर आकार दे रहे हैं।