बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार और दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी 14 साल बाद फिल्म 'भूत बंगला' के जरिए पर्दे पर वापसी कर रही है। इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, लेकिन अब एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने संगीत प्रेमियों की खुशी को दोगुना कर दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, मशहूर गायक अरिजीत सिंह इस फिल्म के एक खास रोमांटिक ट्रैक के लिए अपनी आवाज देंगे।
एकता कपूर की खास पसंद हैं अरिजीत
News18 की एक्सक्लूसिव रिपोर्टb के मुताबिक, फिल्म की निर्माता एकता कपूर इस हॉरर-कॉमेडी में एक रूहानी और दिल को छू लेने वाला रोमांटिक गाना चाहती थीं। उनका मानना है कि अरिजीत सिंह की आवाज में वो गहराई है जो सीधे दर्शकों के दिल से जुड़ती है। फिल्म की अनोखी और मजेदार कहानी के बीच यह गाना एक 'सोलफुल' टच देगा। सूत्रों की मानें तो इस गाने का टीजर कल यानी सोमवार को रिलीज किया जा सकता है।
अरिजीत सिंह के इस गाने की खबर इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का संकेत देकर सबको चौंका दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया था कि वे अब नए प्रोजेक्ट्स नहीं ले रहे हैं, लेकिन उनके कई अधूरे और अनरिलीज्ड गाने अभी पाइपलाइन में हैं। अरिजीत सिंह ने बताया था कि ये गाने इस पूरे साल और शायद अगले साल तक रिलीज होते रहेंगे। 'भूत बंगला' का यह गाना उन्हीं खास तोहफों में से एक है।
प्रियदर्शन और अक्षय की आइकॉनिक वापसी
भूत बंगला का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं, जिन्होंने अक्षय के साथ 'हेरा फेरी' और 'भूल भुलैया' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। फिल्म का पहला गाना 'राम जी आके भला करेंगे' पिछले महीने ही रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। अब अरिजीत की आवाज फिल्म के संगीत पक्ष को और भी मजबूत बनाने वाली है।
फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज डेट
इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ एक बड़ी स्टारकास्ट नजर आने वाली है, जिसमें तबू, वामिका गब्बी, परेश रावल, राजपाल यादव और दिवंगत अभिनेता असरानी शामिल हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। अरिजीत सिंह के फैंस के लिए यह खबर किसी उत्सव से कम नहीं है, क्योंकि उनके रिटायरमेंट के ऐलान के बाद हर नया गाना उनके प्रशंसकों के लिए एक अनमोल याद की तरह है।