KBC 18: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन कानूनी मुसीबत में फंस गए हैं। पंजाब के संगरूर के एक वकील ने मेगास्टार अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को एक कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस एक वायरल वीडियो को लेकर है, जिसमें अभिनेता को KBC 18 के दौरान पंजाब के पुलिस थानों पर हुए बम हमलों के बारे में एक सवाल पूछते हुए दिखाया गया है।
वकील इंद्रजीत अरोड़ा ने इस सवाल पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इससे पंजाब की छवि खराब होती है और राज्य की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचता है। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने मांग की है कि इस वीडियो को तुरंत राष्ट्रीय मीडिया से हटाया जाए। साथ ही अगर यह पुष्टि हो जाती है कि फुटेज शो के किसी असली एपिसोड का है तो अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।
'द स्टेट्समैन' की एक रिपोर्ट के मुताबिक वकील अरोड़ा ने बताया कि उन्हें यह वीडियो तीन-चार दिन पहले मिला था। उनके एक क्लाइंट ने उन्हें कुछ स्क्रीनशॉट और एक क्लिप दिखाई, जिसमें अमिताभ बच्चन एक प्रतियोगी से सवाल पूछ रहे थे कि किस राज्य में अपराधियों ने हाल ही में बिना किसी डर के पुलिस थानों पर बम हमले किए हैं।
वकील ने कहा- "तीन-चार दिन पहले मेरे एक क्लाइंट ने मुझसे संपर्क किया और मुझे सोनी टीवी पर आने वाले क्विज शो 'KBC' का एक स्क्रीनशॉट और वीडियो दिखाया। इस शो में प्रतियोगियों से सामान्य ज्ञान (जनरल नॉलेज) के सवाल पूछे जाते हैं और सही जवाब देने पर वे इनाम की राशि जीतते हैं।"
उन्होंने सवाल उठाया कि यह प्रश्न कितना प्रासंगिक था। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि इसका मकसद किसी व्यक्ति के सामान्य ज्ञान को परखना नहीं, बल्कि एक विशेष राज्य की छवि को खराब करना था। उन्होंने कहा- "मुझे नहीं लगा कि यह सामान्य ज्ञान का कोई सवाल था। यह सीधे तौर पर एक राज्य को बदनाम करने की कोशिश है।"
वीडियो के अनुसार अमिताभ बच्चन 12.5 लाख रुपये के सवाल के तौर पर यह पूछते हुए दिख रहे हैं कि हाल ही में किस भारतीय राज्य में अपराधियों ने बेखौफ होकर पुलिस थानों पर बम हमले किए। इसमें चार विकल्प दिए गए हैं - उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और पंजाब।
बताया जा रहा है कि प्रतियोगी ने '50:50' लाइफलाइन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के विकल्प हटा दिए गए। इसके बाद अमिताभ बच्चन को पंजाब को सही जवाब बताते हुए सुना जा सकता है। अरोड़ा ने बताया कि उन्होंने अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी दोनों को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने स्पष्टीकरण मांगा है कि क्या यह फुटेज वास्तव में शो का हिस्सा है।
उन्होंने कहा- "इसी वजह से मैंने सोनी टीवी और अमिताभ बच्चन को कानूनी नोटिस भेजा है। मेरी मांग है कि इसे तुरंत नेशनल मीडिया से हटाया जाए। अगर यह वीडियो उनके शो से बनाया गया है तो उन्हें बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।" वकील ने आगे कहा कि वह नहीं चाहते कि पंजाब या किसी अन्य राज्य को इस तरह दिखाया जाए जिससे उसकी छवि खराब हो। उन्होंने पंजाब में होने वाले आगामी चुनावों के मद्देनजर इस तरह के कंटेंट के फैलने पर भी चिंता जताई, क्योंकि चुनावों के दौरान राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके बनाया या बदला गया हो सकता है तो अरोड़ा ने कहा कि अमिताभ बच्चन और चैनल से जवाब मिलने के बाद ही इसकी सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने आगे कहा कि अगर यह फुटेज फर्जी साबित होती है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। लगभग दो मिनट की यह क्लिप सोशल मीडिया पर काफी शेयर की जा रही है। इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं कि क्या अमिताभ बच्चन ने वास्तव में KBC में यह सवाल पूछा था।