Anil Kapoor: 'मुझे हमेशा पुरानी बातें याद करना...' ‘द नाइट मैनेजर’ के तीन साल पूरे होने पर अनिल कपूर ने किया इमोशनल पोस्ट

The Night Manager: संदीप मोदी और प्रियंका घोष द्वारा बनाई गई ‘द नाइट मैनेजर’ एक टीवी सीरीज है, जो लेखक जॉन ले कैरे के इसी नाम के मशहूर ब्रिटिश नॉवेल का इंडियन अडैप्टेशन है। वेब सीरीज को रिलीज हुए तीन साल पूरे के मौके पर अनिल कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सीरीज का एक सीन फैंस के साथ शेयर किया है

अपडेटेड Feb 17, 2026 पर 7:35 PM
Story continues below Advertisement
अनिल कपूर ने एक इमोशनल नोट भी शेयर किया और बताया कि ये खास सीन उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ की गहराई से जुड़ा है

‘द नाइट मैनेजर’ नाम की पॉपुलर वेब सीरीज को रिलीज हुए तीन साल पूरे हो गए हैं। साल 2023 में आई इस जासूसी और सस्पेंस से भरी कहानी दर्शकों को काफी पसंद आई थी। इस वेब सीरीज में अनिल कपूर के साथ आदित्य रॉय कपूर और शोभिता धुलिपाला ने भी अहम भूमिका निभाई थी। शो को उसकी रोमांचक कहानी और कलाकारों की बेहतरीन एक्टिंग के लिए दर्शकों से काफी सराहना मिली थी। वेब सीरीज को रिलीज हुए तीन साल पूरे के मौके पर अनिल कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सीरीज का एक दमदार सीन फैंस के साथ शेयर किया है। इस पोस्ट में अनिल कपूर ने एक लंबा नोट भी शेयर किया है।

अनिल कपूर ने शेयर किया इमोशनल नोट

अनिल कपूर ने एक इमोशनल नोट भी शेयर किया और बताया कि ये खास सीन उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइप की गहराई से जुड़ा है। अपने मैसेज में कपूर ने लिखा, “द नाइट मैनेजर के तीन साल पूरे हो गए। ये सीन मुझे याद दिलाता है कि मैंने अपनी जिंदगी और करियर की शुरुआत कहां से की थी। मुझे हमेशा पुरानी बातें याद करना पसंद नहीं है, खासकर वे पल जब मुझे गलत समझा गया या उस इंसान के रूप में जज किया गया, जो मैं बन रहा था।" उन्होंने आगे कहा, "कई बार लोग ये सोच लेते हैं कि वे आपको आसानी से नीचे गिरा सकते हैं, बिना यह समझे कि यहां तक पहुंचने के लिए आपने कितनी मेहनत और संघर्ष किया है। फिर कुछ खास पलों में आपका असली रूप सामने आता है, जो आपके अनुभव से बनता है और जहां आप हैं वहां खड़े होने के लिए।"


 

दर्शकों का जताया आभार

हालांकि उनका किरदार उनकी असल जिंदगी से अलग था, फिर भी उन्होंने ने माना कि इस सीन से उन्हें गहरा निजी जुड़ाव महसूस हुआ। उन्होंने कहा, “ये किरदार मुझसे अलग था, लेकिन इस सीन में कुछ ऐसा था जो दिल के बहुत करीब लगा। मैंने इसे गुस्से या ऊंची आवाज में दिखाने के बजाय शांत और भीतर से निकलने वाली सच्चाई के साथ निभाने का फैसला किया। संदीप और राइटर के साथ मिलकर हमने इस पल को तैयार किया। इसे करते समय मैंने अपनी पूरी यात्रा और अपनी निजी व पेशेवर जिंदगी को जिस तरह बनाया है, उसे ध्यान में रखा।”

उन्होंने अपना नोट दर्शकों का आभार जताते हुए खत्म किया। अनिल ने लिखा, “हमारे लिए यह बात बहुत खास है कि दर्शक इस सीन से उतनी ही गहराई से जुड़ पाए, जितनी शिद्दत से हम इसे बनाते समय जुड़े थे।”

कौन-कौन है सीरीज में

संदीप मोदी और प्रियंका घोष द्वारा बनाई गई ‘द नाइट मैनेजर’ एक टीवी सीरीज है, जो लेखक जॉन ले कैरे के इसी नाम के मशहूर ब्रिटिशनॉवेल का इंडियन अडैप्टेशन है। इस शो में अनिल कपूर, आदित्य रॉय कपूर और शोभिता धुलिपाला मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं, जबकि तिलोत्तमा शोम, रवि बहल और शाश्वत चटर्जी ने अहम सहायक किरदार निभाए हैं। सीरीज में अनिल कपूर ने शैली रूंगटा नाम के एक शालीन लेकिन बेहद खतरनाक हथियार कारोबारी का किरदार निभाया है, जिसे उनके दमदार अभिनय की वजह से काफी सराहना मिली।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।