Bhushan Kumar: अरिजीत सिंह ने मंगलवार, 27 जनवरी को प्लैक बैक सिंगिंग से संन्यास का ऐलान करके पूरे देश को चौंका दिया। उनके संन्यास के बाद कई तरह की अटकलें सुर्खियों में आईं, जिनमें से एक अफवाह यह भी थी कि उन्हें हालिया देशभक्ति गीत गाने के लिए मजबूर किया गया था। जैसे ही यह चर्चा सोशल मीडिया पर फैली, नेटिज़न्स ने तुरंत ध्यान दिलाया कि उन्होंने हाल ही में फिल्म बॉर्डर के मशहूर गीत 'संदेशे आते हैं' का रीमेक गाया था, जिसका इस्तेमाल वरुण धवन और सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 में किया गया था।
लेकिन ये खबरें कितनी सच हैं? इस पर अभी तक सिंगर का कोई बयान सामने नहीं आया है। लेकिन निर्माता भूषण कुमार के अनुसार, इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है। भूषण कुमार ने एचटी सिटी से इस बारे में बात की। निर्माता ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा, "कृपया अरिजीत से फोन करके पूछें, यह सब बकवास है।"
बता दें कि अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, अरिजीत बड़े लेबल के कामकाज के तरीके से बेहद परेशान थे, खासकर पॉपुलर संगीत लेबल मालिक से, जो क्रिएटविटी में काफी इंटरफेयर करते हैं और बिजनेस टाइप फैसलों के लिए जाने जाते हैं। अफवाहों के मुताबिक, आखिरी झटका हाल ही में जबरन बनाए गए एक देशभक्ति गीत के रीमेक से लगा, जिससे अरिजीत क्रिएटिव रूप से सहमत नहीं थे, लेकिन फिर भी उनसे इसमें मुख्य भूमिका निभाने की उम्मीद की गई थी।
अरिजीत ने 27 जनवरी को यह ऐलान किया और इंस्टाग्राम पर लिखा, “हैलो, आप सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। इतने वर्षों तक लिसिनर के रूप में मुझे इतना प्यार देने के लिए आप सभी का धन्यवाद। मुझे यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं प्ले बैक सिंगर के रूप में कोई नया काम नहीं करूंगा। मैं इस पेशे को अलविदा कह रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।”
अपने इस फैसले के पीछे के कारणों को स्पष्ट करते हुए अरिजीत ने एक ट्वीट में बताया कि यह कदम न तो आवेग में उठाया गया था और न ही किसी घटना से प्रेरित था। उन्होंने लिखा, “इसके पीछे सिर्फ एक कारण नहीं है, कई कारण हैं, और मैं इस पर काफी समय से विचार कर रहा था। आखिरकार, मैंने आवश्यक साहस जुटा लिया है।”
अपनी क्रिएटिव बेचैनी के बारे में खुलकर बात करते हुए सिंगर ने आगे कहा, “एक कारण तो बहुत सीधा है, मेरी रुचि जल्दी ही खत्म हो जाती है, इसीलिए मैं अक्सर अपने गानों की धुनें बदलता रहता हूं और उन्हें लाइव करता हूं।” फिर उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा किया- “तो, सच्चाई यह है- मैं थक गया हूं। मुझे आगे बढ़ने के लिए अलग-अलग तरह के म्यूजिक को आजमाना होगा।”