मशहूर सिंगर और इंटरनेट पर्सनालिटी अर्पित बाला (Arpit Balabantaray) इन दिनों अपने एक लाइव शो के दौरान हुए विवाद को लेकर चर्चा में हैं। 28 मार्च को हैदराबाद के 'किंगडम क्लब एंड किचन' में आयोजित एक कॉन्सर्ट के दौरान अर्पिट और एक दर्शक के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस घटना में अर्पित को मंच से एक प्रशंसक की ओर थूकते और अपशब्दों का इस्तेमाल करते देखा गया, जिसके बाद उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अब गायक ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए अपनी सफाई पेश की है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जब अर्पित अपना परफॉरमेंस दे रहे थे, तभी भीड़ की तरफ से एक बोतल मंच की ओर फेंकी गई। बोतल सीधे अर्पिट की आंख के पास जाकर लगी। इस अचानक हुए हमले से अर्पिट बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने तुरंत उस व्यक्ति की पहचान की, उसे मंच से ही गालियां दीं और वही बोतल वापस उसकी ओर फेंक दी। गुस्से में उन्होंने उस व्यक्ति पर थूक दिया और बाउंसरों को उसे तुरंत वेन्यू से बाहर निकालने का आदेश दिया।
विवाद बढ़ने के बाद अर्पित ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने इसे 'स्पष्टीकरण' के बजाय अपनी 'कहानी का हिस्सा' बताया। अर्पित ने कहा: "शुरुआती चार गानों तक सब कुछ ठीक था, हर कोई मजे कर रहा था। तभी अचानक एक बोतल आई और मेरी आंख पर लगी। इससे पहले भी एक-दो बोतलें फेंकी गई थीं, जिससे मेरा फ्लो टूट गया और मुझे गुस्सा आ गया।"
उन्होंने आगे स्वीकार किया कि गुस्से में उनका व्यवहार शायद सही नहीं था, लेकिन स्थिति के हिसाब से प्रतिक्रिया देना उनके लिए जरूरी था। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह केवल अपमान का मामला नहीं था, बल्कि उनकी सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा था। उन्होंने कहा, "मेरा चेहरा कोई बुल्स-आई (निशाना लगाने वाली जगह) नहीं है। जब कोई आपके चेहरे पर कुछ फेंकता है, तो वह केवल बदतमीजी नहीं, बल्कि एक सुरक्षा खतरा है।"
प्रशंसकों से की मर्यादा बनाए रखने की अपील
अर्पित ने इस घटना के लिए माफी तो मांगी, लेकिन साथ ही प्रशंसकों को एक स्पष्ट चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर सेलिब्रिटी को कुछ भी कहने या करने की छूट मान लेते हैं, जो गलत है। उन्होंने पिछले साल बेंगलुरु की एक घटना का भी जिक्र किया जहाँ उनके साथ 'गलत तरीके' से छेड़छाड़ की गई थी।
अर्पित ने साफ शब्दों में कहा, "मुझसे कुछ भी कहें, लेकिन कृपया शारीरिक सीमा पार न करें। यदि आप मर्यादा लांघेंगे, तो आप मुझसे शांत रहने की उम्मीद नहीं कर सकते।" इस विवाद के बावजूद अर्पिट का टूर जारी रहेगा और उनका अगला शो 9 मई को मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन में होना तय है।