Asha Bhosale: सीने में इंफेक्शन के चलते आशा भोसले अस्पताल में भर्ती, पीएम मोदी ने जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की

Asha Bhosale: बीती रात आशा भोसले की तबीयत बिगड़ने के चलते सिंगर को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल के ICU में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

अपडेटेड Apr 12, 2026 पर 10:21 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पीएम मोदी ने दिग्गज सिंगर आशा भोसले के जल्द स्वस्थ होने की कमाना की है।

Asha Bhosale: दिग्गज सिंगर आशा भोसले को शनिवार शाम को सीने में इंफेक्शन और कमजोरी के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उनकी पोती जनाई भोसले ने यह जानकारी दी। पहले जानकारी मिली थी कि 92 वर्षीय गायिका को दिल का दौरा पड़ा था और फेफड़ों से संबंधित समस्याएं भी थीं। इसके बाद जनाई ने इंस्टाग्राम पर भोसले के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी साझा की।

उन्होंने लिखा था, “मेरी दादी आशा भोसले को अत्यधिक कमजोरी और सीने में इंफेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम आपसे निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं। उनका इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा। हम आपलोगों को निश्चित तौर पर सूचित करते रहेंगे।”

वहीं आज पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर आशा भोसले के स्वास्थ को लेकर पोस्ट किया है। पीएम मोदी ने लिखा - आशा भोसले जी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर बहुत चिंता हुई। उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।


आशा भोसले का करियर आठ दशकों से अधिक का रहा है। वह अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं और उन्होंने रोमांटिक गीतों से लेकर ग़ज़लों और जोशीले गानों सहित अनगिनत यादगार गाने गाये हैं। भोसले के कुछ लोकप्रिय गानों में 'चुरा लिया है तुमने जो दिल को', 'अभी ना जाओ छोड़कर', 'इंतहा हो गई इंतजार की' आदि शामिल हैं।

भोसले ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए हैं और मीना कुमारी, मधुबाला, ज़ीनत अमान से लेकर काजोल, उर्मिला मातोंडकर और पद्मिनी तथा वैजयंतीमाला जैसी दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों सहित कई प्रमुख अभिनेत्रियों को अपनी आवाज़ दी है। उन्होंने 2023 में अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में दुबई में आयोजित एक विशेष संगीत कार्यक्रम 'आशा90 लाइव इन कॉन्सर्ट' में प्रस्तुति दी। भोसले दिग्गज गायिका दिवंगत लता मंगेशकर की छोटी बहन हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।