जेम्स कैमरून की साइंस फिक्शन फिल्म 'अवतार: फायर एंड ऐश' 19 दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। वहीं अब थिएटर रिलीज के बाद ये फिल्म ओटीटी पर रिलीज होने वाली है। जेम्स कैमरून के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की और 98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स का अवॉर्ड भी अपने नाम किया। अब भारत में दर्शक इस फिल्म को घर बैठे आराम से देख सकेंगे। आइए जानते हैं कब और कहां पर देखें ये फिल्म
फिल्म अपनी ऑफिशियल ओटीटी रिलीज से पहले प्रीमियम वीडियो ऑन डिमांड (PVOD) पर उपलब्ध होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 31 मार्च 2026 से दर्शक इसे अमेजन प्राइम वीडियो और एप्पल टीवी जैसे प्लेटफॉर्म पर किराए पर लेकर या खरीदकर देख सकते हैं। इस तरीके से लोगों को ओटीटी रिलीज से पहले ही फिल्म देखने का मौका मिल जाएगा।
ओटीटी पर कब हो सकती है रिलीज
‘अवतार: फायर एंड ऐश’ की ओटीटी रिलीज को लेकर माना जा रहा है कि यह फिल्म दुनियाभर में डिजी+ पर आएगी, जो इस सीरीज का मुख्य प्लेटफॉर्म है। वहीं भारत में इसके जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने की संभावना है। हालांकि अभी तक मेकर्स ने रिलीज की कोई तय तारीख नहीं बताई है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार यह फिल्म अप्रैल से जून 2026 के बीच किसी भी समय ओटीटी पर रिलीज हो सकती है।
बॉक्स ऑफिस पर शानदार फिल्म कमाई की थी
‘अवतार’ सीरीज की तीसरी फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी रखा। रिलीज के कुछ ही समय में इसने दुनिया भर में 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई कर ली और अंत में करीब 1.48 बिलियन डॉलर के आसपास का कलेक्शन किया। ये फिल्म साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में अपनी जगह बनाने में सफल रही।