Badshah: सावन के पावन महीने में मांसाहारी लोग भी एक महीने के लिए सात्विक भोजन का सेवन करते हैं। पूरा देश आस्था में डूबा है। इस बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों की आस्था को ठेस पहुंचा दी है। वीडियो को देख लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। ये वीडियो ISKCON के गोविंदा रेस्टोरेंट का है, जहां एक अफ्रीकी-ब्रिटिश युवक ने जानबूझकर चिकन बर्गर खाया और लोगों को काफी परेशान भी किया। अब इस रैपर बादशाह ने रिएक्ट किया है।
गोविंदा रेस्टोरेंट ISKCON द्वारा सचालित किया जाता है। यहां पर शुद्ध शाकाहारी भोजन मिलता है। खास बात ये हैं कि मास-मछली तो दूर की बात है, यहां पर लहसुन-प्याज का इस्तेमाल भी नहीं किया जाता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अफ्रीकी-ब्रिटिश युवक पहले ISKCON के गोविंदा रेस्टोरेंट के स्टाफ से जानबूजकर नॉन-वेज खाना के बारे में पूछता है, जिस पर उसे मना किया जाता है।
लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है। लड़का बार-बार वहां के स्टाफ से नॉन वेज खाने को लेकर सवाल करता है। स्टाफ उसे बोर्ड पढ़ने को कह देते हैं। बाहर बोर्ड पर लिखा होता है कि यहां नॉन वेज नहीं मिलता है और खाने में लहसुन-प्याज भी नहीं पड़ता है। स्टाफ के बार-बार मना करने के बाद लड़का अपने बैग में से केएफसी का चिकन बर्गर काउंटर पर रखता है। फिर खाने लगता है।
इतना ही नहीं, वो लड़का गोविंदा रेस्टोरेंट में चिकन खाने के साथ ही वहां मौजूद बाकी लोगों को भी चिकन बर्गर खाने को पूछता है और सबको परेशान करता है। लड़के से परेशान होकर वहां का स्टाफ सिक्योरिटी बुलाकर उसे बाहर निकलवाता है। अब इस वीडियो को देख लोग काफी गुस्से में हैं।
लोगों ने इस लड़के की हरकत को हिंदू धर्म के प्रति अपमानजनक कहा है। इसके साथ ही बॉलीवुड सिंगर बादशाह का भी वीडियो देख गुस्सा फूटा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस वीडियो के प्रति नाराजगी जाहिर की है। रैपर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा है कि यहां तक कि चिकन भी शर्मिंदा हो जाएगा। यह आदमी चिकन के लिए भूखा नहीं था...वो चप्पलों के लिए भूखा था। समझदारी उस चीज़ का सम्मान करने में है, जो आप समझ नहीं पाते हैं।’
बादशाह के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने खूब कमेंट करके रैपर की तारीफ की हैं। एक यूजर ने कमेंट किया ‘बादशाह के लिए इज्जत बढ़ गई।’ लोगों ने बादशाह की तारीफ की। यूजर्स का कहना है कि क्योंकि वो उन चंद सेलेब्रिटी में हैं, जो अपने धर्म का खुलकर समर्थन करते हैं।