मनोरंजन जगत में एक बार फिर चर्चा का विषय बनीं बिग बॉस 19 की रनर-अप फरहाना भट्ट। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह पैपराजी पर भड़कती नजर आईं। यह घटना तब हुई जब फरहाना एक रेस्टोरेंट से बाहर निकल रही थीं और पैप्स उन्हें कैमरे में कैद करने के लिए मौजूद थे। इसी दौरान एक फोटोग्राफर ने मजाकिया अंदाज में कहा “चढ़ गई लगती है”। यह टिप्पणी फरहाना को नागवार लगी और उन्होंने तुरंत सामने आकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
फरहाना ने पैप्स को डांटते हुए कहा “मेरे सामने ये सब मत करना दोबारा। मैं मस्ती-मजाक में प्यार करती हूं, लेकिन इज्जत दोगे तो इज्जत मिलेगी।” फोटोग्राफर ने सफाई दी, 'मजाक में बोला था, सीरियस नहीं।' फरहाना ने पलटकर कहा, 'कुछ चीजें मजाक में भी अच्छी नहीं लगतीं।' फिर हल्की स्माइल के साथ बोलीं, 'मुझे पता है।' उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। हालांकि उन्होंने माहौल को ज्यादा भारी होने से बचाने के लिए अंत में मुस्कुराते हुए पैप्स को हाथ हिलाकर अलविदा भी कहा।
बिग बॉस 19 में फरहाना रनर-अप रहीं, जहां उन्होंने कई कंट्रोवर्सी भी झेलीं हैं। मालती चहर से फैमिली पर कमेंट्स, आमाल मलिक का आपत्तिजनक बयान, नीलम की लेटर फाड़ना जैसे झगड़े काफी वायरल हुए। सलमान खान ने भी उनकी आक्रामकता पर ब्रेक लगाने की कोशिश की थी।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। फैन्स ने फरहाना की बेबाकी और आत्मसम्मान की रक्षा करने वाले अंदाज की जमकर तारीफ की। वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि सेलिब्रिटी होने का मतलब यह नहीं कि उनकी निजी सीमाओं को तोड़ा जाए। फरहाना का यह रिएक्शन एक बार फिर इस बहस को हवा दे गया कि पैपराजी और स्टार्स के बीच ‘सीमा’ कहां खींची जानी चाहिए।
बिग बॉस 19 के बाद से फरहाना लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो में उनकी जर्नी ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और अब वह हर पब्लिक अपीयरेंस पर मीडिया का ध्यान खींच लेती हैं।