साल 2017 में रिलीज हुई श्रीदेवी की फिल्म 'मॉम' को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। वहीं अब इस फिल्म का सीक्वल 'मॉम 2' बनने जा रहा है। फैंस बेसब्री से इस फिल्म के बड़े पर्दे पर रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। ‘मॉम 2’ की शूटिंग नोएडा की फिल्म सिटी में शुरू हो चुकी है। फिल्म के निर्माता बोनी कपूर पहले ही बता चुके थे कि वह इस कहानी को आगे बढ़ाना चाहते हैं और अब यह प्रोजेक्ट आधिकारिक तौर पर प्रोडक्शन चरण में पहुंच गया है। फिल्म को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
एएनआई से बातचीत में बोनी कपूर ने पुष्टि की कि फिल्म मॉम 2 की शूटिंग इस समय जारी है। बोनी कपूर ने कहा, "फिल्म 'मॉम 2' की शूटिंग यहां चल रही है। इसके डायरेक्टर गिरीश कोहली हैं, जिन्होंने 'मॉम 1' की कहानी भी लिखी थी। हमारी टीम में अलग-अलग जगहों से टेक्नीशियन जुड़े हैं। बंगाल से अभिनेता जिशु फिल्म का हिस्सा हैं और टेलीविजन अभिनेत्री करिश्मा तन्ना भी इसमें एक बेहद अहम भूमिका निभा रही हैं।" मेकर्स का मानना है कि इससे दोनों फिल्मों का जुड़ाव बना रहेगा और दर्शकों को कहानी पहले की तरह ही मजबूत और असरदार महसूस होगी।
'मॉम 2' में दिखेंगी खुशी कपूर?
इससे पहले बोनी कपूर ने बताया था कि उनकी बेटी खुशी कपूर फिल्म मॉम 2 में एक खास भूमिका निभाती नजर आ सकती हैं, हालांकि हाल ही में उन्होंने उनके किरदार या फिल्म में उनकी मौजूदगी को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी है। खुशी कपूर ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत जोया अख्तर की फिल्म द आर्चीज से की थी। अब मॉम 2 जैसी चर्चित फ्रेंचाइजी से जुड़ने की खबर के बाद दर्शकों को खुशी की परफॉर्मेंस से काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
श्रीदेवी की आखिरी ऑन-स्क्रीन फिल्म थी 'मॉम'
फिल्म मॉम को आज भी श्रीदेवी की आखिरी ऑन-स्क्रीन फिल्म के रूप में याद किया जाता है, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ने वाली मजबूत मां का किरदार निभाया था और उनके एक्टिंग की काफी तारीफ हुई थी।