Lollapalooza India 2026: अमेरिकी रॉक बैंड लिंकिन पार्क अब भारत में अपना जादू बिखेरने के लिए पूरी तैयारी कर चुकी है। इसकी शुरुआत मुंबई से होने वाली है। फ्रॉम जीरो वर्ल्ड टूर के तहत बैंड का यह पहला शो भारत में होने जा रहा है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि बैंड के को फाउंडर ने कर दी है। बैंड ने बताया कि वह लोलापालूजा इंडिया में पर्फॉमेंस देने वाले हैं।
भारत में लिंकिन पार्क का आगामी शो उनके चल रहे फ्रॉम जीरो वर्ल्ड टूर का हिस्सा होगा, जो सात साल के लंबे अंतराल के बाद सितंबर 2024 में उनकी वापसी का प्रतीक होगा। इसी हफ्ते अमेरिकी रॉक बैंड लिंकिन पार्क ने ऐलान किया है कि वे 25 जनवरी, 2026 को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में लोलापालूजा इंडिया में परफॉर्म करने जा रहे हैं। इस शो की टिकटों की बिक्री भी शुरू कर दी गई है।
लोलापालूजा इंडिया और लिंकिन पार्क, दोनों ने आधिकारिक घोषणा की, जिससे हफ़्तों से चल रही अटकलों पर फुल स्टॉप लग गया। लिंकिन पार्क के सह-संस्थापक माइक शिनोडा ने भारतीय फैंस को दिए एक मैसेज में अपनी उत्सुकता व्यक्त की, जिसमें उन्होंने पहली बार भारत में परफॉमेंस देने की बात कही। उन्होंने कहा, "भारत एक ऐसी जगह है जहां हम लंबे समय से परफॉमेंस देना चाहते थे। हमारे फैंस वहाँ अविश्वसनीय रूप से उत्साही हैं, और हम उनके लिए अपना लाइव शो करने के लिए बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।
लिंकिन पार्क ने सात साल के अंतराल के बाद सितंबर 2024 में कमबैक किया था और चेस्टर बेनिंगटन के निधन के बाद सह-प्रमुख गायिका एमिली आर्मस्ट्रांग को पेश किया था। बैंड आखिरकार 29 अगस्त, 2025 से ओमाहा में अपने चर्चित ग्लोबल टूर की शुरुआत करेगा और जून 2026 तक टूर जारी रखेगा, जिसका समापन स्विट्जरलैंड में होगा।
लोलापालूजा 2026 के टिकट आज, 28 अगस्त को दोपहर 12 बजे से बुक माय शो और लोलापालूजा इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। स्टैंडर्ड पास के अलावा, प्रशंसक प्रीमियम पास भी चुन सकते हैं, जैसे वीआईपी पास, जिसमें मेन स्टेज के पास एक प्राइवेट एरिया और वीआईपी लाउंज पास-पास होगा। लोला प्लैटिनम पास, जिसमें एसी लाउंज, प्रवेश द्वारों के बीच शटल सेवा, और प्लैटिनम पिट्स तक पहुंच, जैसी अन्य विशेष सेवाएं शामिल हैं।
ओलापालूजा इंडिया 24 और 25 जनवरी, 2026 को अपने चौथे संस्करण के साथ वापसी करेगा। इस म्यूजिक फेस्टिवल के पिछले संस्करणों में ग्रीन डे, इमेजिन ड्रैगन्स, लुई टॉमलिंसन, स्टिंग, द जोनास ब्रदर्स और शॉन मेंडेस जैसे कलाकार शामिल हुए थे, जिनमें एपी ढिल्लों, रघु दीक्षित और डिवाइन जैसे भारतीय कलाकार भी शामिल थे। हालांकि लोलापालूजा 2026 की पूरी लिस्ट अभी तक जारी नहीं की गई है, लेकिन फैंस को इस साल 40 से ज़्यादा कलाकारों को परफॉर्म करते हुए देखने की उम्मीद है, जिनमें हैरी स्टाइल्स, ट्वेंटी वन पायलट्स, नियाल होरान, डेविड गुएटा, टिएस्टो और अन्य नाम शामिल हैं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।