बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाली ग्लोबल आइकॉन प्रियंका चोपड़ा जोनास इन दिनों रणबीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' की मुरीद हो गई हैं। फिल्म की जबरदस्त सफलता और बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई के बीच, प्रियंका ने सोशल मीडिया पर फिल्म की पूरी टीम के लिए एक खास संदेश साझा किया है। उन्होंने न केवल रणबीर सिंह के अभिनय की सराहना की, बल्कि फिल्म को सिनेमाई दुनिया में एक 'खुलासा' भी करार दिया।
प्रियंका चोपड़ा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक नोट साझा करते हुए फिल्म के कलाकारों और क्रू को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशक आदित्य धर के विजन की प्रशंसा की। प्रियंका ने लिखा: "बधाई हो मेरे दोस्त रणबीर सिंह! आदित्य, आप वास्तव में एक मिशन पर निकले व्यक्ति हैं। 'धुरंधर' हर मायने में एक नई खोज है। आपकी इस कलात्मकता के लिए आप सभी का शुक्रिया।" प्रियंका ने रणबीर सिंह के अलावा फिल्म के अन्य कलाकारों अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी को भी टैग करते हुए उनकी मेहनत को सराहा।
प्रियंका और रणबीर सिंह का पेशेवर रिश्ता काफी पुराना और गहरा है। दोनों ने 'गुंडे', 'दिल धड़कने दो' और 'बाजीराव मस्तानी' जैसी सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया है। इन फिल्मों में उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। यही वजह है कि जब रणबीर की फिल्म ने इतिहास रचा, तो उनकी 'पुराणी दोस्त' ने अपनी खुशी जाहिर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
विक्की कौशल भी हुए फिल्म से 'शॉक'
सिर्फ प्रियंका ही नहीं, बॉलीवुड के 'सैम बहादुर' यानी विक्की कौशल ने भी फिल्म देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है। विक्की ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि वह फिल्म के क्राफ्ट और ईमानदारी को देखकर 'शॉक' (स्तब्ध) रह गए हैं। उन्होंने रणबीर सिंह को 'प्रेरणा' बताते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन 'गोल्ड स्टैंडर्ड' का है।
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का जलवा
धुरंधर 2 ने अपनी रिलीज के बाद से ही भारतीय सिनेमा के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। 2025 में आई इसके पहले भाग की सफलता के बाद, दूसरे भाग ने कमाई के मामले में 1435 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। एसएस राजामौली, रजनीकांत और विजय देवरकोंडा जैसे दक्षिण भारतीय सितारों ने भी इस फिल्म की जमकर तारीफ की है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म न केवल एक एक्शन थ्रिलर है, बल्कि इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक मील का पत्थर माना जा रहा है।