OTT Releases This Week: हर हफ्ते की तरह इस हफ्ते भी ओटीटी पर एंटरटेनमेंट का तगड़ा डोज मिलने वाला है। जनवरी 2026 का दूसरा हफ्ता ओटीटी दर्शकों के लिए भरपूर एंटरटेनमेंट लेकर आने वाला है। इस हफ्ते ओटीटी पर रोमांटिक कॉमेडी से लेकर राजनीति और हॉरर मिस्ट्री शोज आने वाले हैं, जिन्हें आपको बिल्कुल भी मिस नहीं करना चाहिए। इस हफ्ते ओटीटी पर दे दे प्यार दे 2 से लेकर द नाइट मैनेजर सीजन 2 जैसे सीरीज रिलीज होने वाले हैं।
आइए जानते हैं जनवरी के दूसरे वीकेंड पर Netflix, Prime Video, JioHotstar, Sony LIV और ZEE5 जैसे प्लेटफॉर्म 5 से 11 जनवरी के बीच क्या-क्या रिलीज होने वाला है।
दे दे प्यार दे 2 (Netflix)
फिल्म 'दे दे प्यार दे 2' में अजय देवगन एक 51 साल के एनआरआई इन्वेस्टर आशीष मेहरा का रोल निभा रहे हैं। उनकी लव स्टोरी उनकी उम्र से काफी छोटी पार्टनर आयशा खुराना के साथ दिखाई गई है, जिसका किरदार रकुल प्रीत सिंह ने निभाया है। पहली फिल्म में आशीष को अपने ही परिवार के विरोध और सवालों का सामना करना पड़ा था, जबकि इस बार कहानी चंडीगढ़ में आगे बढ़ती है। यहां दोनों के सामने नई परेशानी खड़ी होती है। आयशा के माता-पिता को अपने रिश्ते के लिए राजी करना, जो खुद को मॉडर्न सोच वाला मानते हैं।
फ्रीडम एट मिडनाइट सीजन 2 (Sony LIV)
सीरीज 'फ्रीडम एट मिडनाइट' का दूसरा सीजन 9 जनवरी को Sony LIV पर रिलीज होने जा रहा है। इस बार कहानी पहले से ज्यादा इमोशनल और राजनीतिक रूप से गहरी होगी, जिसमें भारत की आजादी के बाद और बंटवारे के तुरंत बाद के मुश्किल दौर को दिखाया जाएगा। निखिल आडवाणी द्वारा प्रोड्यूस और डायरेक्ट की गई यह सीरीज उस समय पर फोकस करती है, जब आजादी के बाद एक नया देश खुद को संभालने और आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था।
सीरीज HIS & HERS 8 जनवरी को Netflix पर रिलीज हो रही है। ये सीरीज फेमर राइटर एलिस फीनी के बेस्टसेलर नॉवेल पर आधारित एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है, जिसमें अलग-अलग नजरियों और अधूरे सच की कहानी दिखाई गई है। यह सीरीज एक शांत शहर और बड़े महानगर की पृष्ठभूमि में बनी है और एना नाम की एक पूर्व न्यूज एंकर की जिंदगी पर फोकस करती है, जिसका करियर एक बड़े स्कैंडल के बाद खत्म हो चुका होता है।
फिल्म वेपन्स 8 जनवरी को JioHotstar पर रिलीज हो रही है। जैक क्रेगर द्वारा बनाई गई ये एक डरावनी और रहस्य से भरी कहानी है, जिसकी शुरुआत एक चौंकाने वाली घटना से होती है। एक ही समय पर, ठीक 2:17 बजे, सत्रह बच्चे अचानक अपने घरों से गायब हो जाते हैं और कहीं भी जबरदस्ती या संघर्ष के निशान नहीं मिलते। इस रहस्यमय घटना के बाद पेंसिलवेनिया का एक पूरा शहर डर, शक और एक-दूसरे पर आरोपों के माहौल में फंस जाता है।
द नाइट मैनेजर सीजन 2 (Prime Video)
सीरीज 'द नाइट मैनेजर' का दूसरा सीजन 11 जनवरी को Prime Video पर स्ट्रीम होगा। पहले सीजन के धमाकेदार अंत के करीब आठ साल बाद, टॉम हिडलेस्टन एक बार फिर जोनाथन पाइन के किरदार में लौटते हैं, जिसे फिर से जासूसी की खतरनाक दुनिया में खींच लिया जाता है। इस बार उसे एक नए अंतरराष्ट्रीय हथियार कारोबारी के नेटवर्क में घुसने की जिम्मेदारी मिलती है, लेकिन जल्द ही उसे एहसास होता है कि उसका पुराना दुश्मन अब भी उसकी राह में मौजूद है।
डॉक्यूसीरीज 'हनीमून से हत्या' 9 जनवरी को ZEE5 पर रिलीज होगी। पांच एपिसोड वाली यह ट्रू-क्राइम सीरीज उन सच्ची घटनाओं पर आधारित है, जहां शादी के बाद शुरू हुई नई जिंदगी खुशी की जगह हत्या में बदल गई। फोरेंसिक जांच, घटनाओं के रीक्रिएशन और एक्सपर्ट की राय के जरिए ये सीरीज दिखाती है कि कैसे भावनात्मक दबाव, कंट्रोल करने की आदत और छिपी हुई हिंसा, बाहर से परफेक्ट दिखने वाले रिश्तों के पीछे छिपी हो सकती है।