Deepika Padukone: बॉलीवुड अदाकारा दीपिका पादुकोण ने स्पिरिट और कल्कि 2898 एडी जैसी फ़िल्मों से बाहर निकलने के बाद इंडस्ट्री में अभिनेताओं के लिए आठ घंटे की शिफ्ट को लेकर बहस छेड़ दी है। अब, हार्पर बाज़ार इंडिया के साथ हाल ही में एक इंरव्यू में, दीपिका ने बताया कि आठ घंटे की शिफ्ट क्यों सही है और वर्कप्लेस पर नई मदर्स के लिए अधिक समर्थन करने को भी कहा है।
जब दीपिका से पूछा गया कि क्या मदरहुड ने उन्हें किसी भी तरह से बदला है, तो उन्होंने कहा, "सौ प्रतिशत। हर कहावत सच है। जब मां कहती हैं, 'जब तुम मां बनोगी, तब तुम समझ जाओगी,' तो यह सच है। अब मैं अपनी मां का और सम्मान करने लगी हूं। आप काम और मदरहुड के बीच तालमेल बिठाने की योजना बना सकती हैं, लेकिन वास्तविकता बहुत अलग है। मैं इस बात को लेकर बहुत गंभीर हूं कि जब नई मदर्स काम पर लौटती हैं, तो उन्हें किस तरह का सहयोग मिलना चाहिए। मैं इसी पर फोकस करना चाहती हूं।"
उन्होंने आगे बताया कि आठ घंटे की शिफ्ट एक्टर्स के लिए सही क्यों है, उन्होंने कहा, "हमने ज़रूरत से ज़्यादा काम करना सामान्य मान लिया है। हम बर्नआउट को प्रतिबद्धता समझने की भूल करते हैं। दिन में आठ घंटे काम करना मानव शरीर और मन के लिए पर्याप्त है। केवल जब आप स्वस्थ होते हैं, तभी आप अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकते हैं।
बर्नआउट व्यक्ति को सिस्टम में वापस लाने से किसी को कोई मदद नहीं मिलती। मेरे अपने ऑफिस में, हम सोमवार से शुक्रवार तक, दिन में आठ घंटे काम करते हैं। हमारे पास मदरहुड और फादरहुड से रिलेटिड पॉलिसीज हैं। हमें बच्चों को काम पर लाने को सामान्य बनाना चाहिए।
दीपिका ने सितंबर 2024 में अपने पहले बच्चे, दुआ पादुकोण सिंह को जन्म दिया था। मई में, उन्होंने कथित तौर पर संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म स्पिरिट छोड़ दी थी। उनके जाने के तुरंत बाद, खबरों के अनुसार, अभिनेत्री ने मुनाफे में हिस्सेदारी और आठ घंटे की शिफ्ट की मांग की थी, जो कथित तौर पर निर्देशक को पसंद नहीं आई। बाद में संदीप ने दीपिका की जगह प्रभास के साथ त्रिप्ति डिमरी को कास्ट कर लिया था।
बाद में, सितंबर में, अभिनेत्री को नाग अश्विन की कल्कि 2898 ईस्वी के सीक्वल से भी हटा दिया गया। वैजयंती मूवीज़ ने एक्स पर एक बयान के माध्यम से यह ऐलान किया था, जिसमें लिखा था- "यह आधिकारिक तौर पर घोषणा की जाती है कि @deepikapadukone #Kalki2898AD के आगामी सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। सावधानीपूर्वक विचार-विमर्श के बाद, हमने अलग होने का फैसला किया है। पहली फिल्म बनाने के लंबे सफर के बावजूद, हम साझेदारी नहीं कर पाए। और @Kalki2898AD जैसी फिल्म उस प्रतिबद्धता और उससे भी कहीं अधिक की हकदार है। हम उनके भविष्य के काम के लिए शुभकामनाएं देते हैं।" इसके तुरंत बाद, रिपोर्टों में दावा किया गया कि यह विवाद अभिनेत्री की 25% वेतन वृद्धि, अपनी टीम के लिए एक पांच सितारा होटल में ठहरने और सात घंटे की शिफ्ट की मांगों के कारण हुआ।
दीपिका के पास दो बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह एटली की AA22 x A6 में नज़र आएंगी, जिसमें अल्लू अर्जुन भी मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म में दोनों कलाकार एक्शन से भरपूर अवतार में नज़र आएंगे और इसे एक साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म बताया जा रहा है, जो पहले से ही काफी चर्चा में है। दीपिका के पास शाहरुख खान की किंग भी है। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जयदीप अहलावत, अभिषेक बच्चन और सुहाना खान भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके 2026 में रिलीज़ होने की उम्मीद है।